दक्षिणी कैलिफोर्निया में शुक्रवार को गर्म और तेज हवाओं के कारण जंगलों और झाड़ियों में कई जगहों पर आग भड़क उठी। इस खतरनाक मौसम के चलते प्रशासन ने कई क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश जारी किए हैं, जबकि राज्यभर में हजारों उपभोक्ताओं को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
मालिबू और अन्य क्षेत्रों में संकट
लॉस एंजेलिस के पश्चिम में स्थित तटीय शहर मालिबू में तेजी से फैलती आग ने सांता मोनिका पहाड़ों के बड़े हिस्से को प्रभावित किया है, जिसके कारण वहां निकासी के आदेश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस क्षेत्र में तेज हवाओं के झोंके चलने और आद्र्रता कम होने से आग का खतरा और अधिक बढ़ गया है। आग पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में दमकलकर्मी लगातार जुटे हुए हैं और रातभर अभियान चलाया गया है।
एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद
कैलिफोर्निया में अतीत की गंभीर घटनाओं से सबक लेते हुए बिजली कंपनियों ने शुष्क और हवादार मौसम के दौरान एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करने का निर्णय लिया है। राज्य के उत्तरी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में डेढ़ लाख से अधिक ग्राहकों की बिजली गुल रही। जानकारों का मानना है कि बिजली उपकरणों से चिंगारी निकलने का खतरा रोकने के लिए यह कदम उठाया जाता है।
सांता एना हवाओं का असर
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि सांता एना हवाओं का यह दौर सप्ताहांत तक जारी रह सकता है। सैन गैब्रियल और सांता सुसाना पहाड़ों के पास तेज हवाओं की रफ्तार काफी अधिक रहने का अनुमान जताया गया है। प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी बड़ी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

