तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित पीलामेडु इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 11वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने क्लास टीचर को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। यह पूरी घटना 21 अक्टूबर को सामने आई थी, जिसके बाद छात्र के परिवार और स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है।
छात्र की मां ने दर्ज कराई शिकायत
मृतक छात्र की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनके बेटे को पिछले दो महीनों से लगातार मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था। आरोप है कि स्कूल में खान-पान और जाति को लेकर उसे निशाना बनाया गया था, जिससे वह बेहद तनाव में था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक छात्रवृत्ति कार्यक्रम के लिए अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की पहचान करने हेतु कक्षा में जाति और खान-पान से जुड़े सवाल पूछे गए थे। इसके बाद सोलह वर्षीय छात्र और कुछ अन्य बच्चों ने अपनी जाति और खान-पान की जानकारी दी थी। आरोप है कि इसके खुलासे के बाद से ही सहपाठियों द्वारा उस लड़के को परेशान किया जाने लगा, उसे अलग-थलग कर दिया गया और ताने कसे गए।
परिजनों का यह भी आरोप है कि इस गंभीर मामले की शिकायत स्कूल के क्लास टीचर और प्रिंसिपल से की गई थी, लेकिन किसी भी प्रकार की उचित कार्रवाई नहीं की गई। इसी लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न के चलते छात्र ने यह कदम उठाया।
मानसिक स्वास्थ्य सहायता
यदि आप या आपका कोई परिचित किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी से जूझ रहा है, तो सहायता के लिए सरकारी हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। केंद्र सरकार की टेली-मानस सेवा के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से संपर्क किया जा सकता है, जिसके लिए टोल-फ्री नंबर 18008914416 उपलब्ध है।

