फ्लाईदुबई की एक उड़ान के दौरान अपने सह-पायलट के हमले का शिकार हुए भारतीय पायलट स्मित मच्छर की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी कि कैप्टन स्मित का इलाज अबू धाबी के एक अस्पताल में चल रहा है और भारतीय राजनयिक स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।
अबू धाबी के अस्पताल में हो रहा है इलाज
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि भारतीय दूतावास कैप्टन स्मित की देखभाल के लिए लगातार अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। सऊदी अरब में शुरुआती इलाज के बाद उन्हें अबू धाबी स्थानांतरित किया गया था, जहाँ वे तेज़ी से रिकवरी कर रहे हैं। भारतीय दूतावास ने उनके परिवार को हरसंभव मदद देने की बात भी दोहराई है।
क्या थी पूरी घटना
यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान हुई थी। विमान में ओमानी सह-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने हमला किया था, जिससे भारतीय पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद कैप्टन स्मित ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे अन्य क्रू सदस्यों और यात्रियों ने हमलावर को काबू में कर लिया।
सऊदी अरब और यूएई स्तर पर जांच जारी
सऊदी अरब ने इस घटना के बाद विमानन सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन करने के लिए एयर सेफ्टी जांच शुरू कर दी है। यह जांच संयुक्त अरब अमीरात द्वारा चलाई जा रही अलग आपराधिक जांच के समानांतर चल रही है। यूएई ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है, जबकि विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां भविष्य में विमानन सुरक्षा को बेहतर बनाने के उपायों पर काम कर रही हैं।

