Site icon Memoirs Publishing

देहरादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हिमाचल से गिरफ्तार हुआ 15 हजार का इनामी गैंगस्टर

देहरादून। दून पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त संजय साहनी को हिमाचल प्रदेश के शिमला से गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल रहे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सदस्य बताया गया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 अक्टूबर 2026 को उसे शिमला के डाउन डेल, फागली क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, देहरादून में चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल गिरोह के सरगना सेंटी साहनी और उसके साथियों के खिलाफ कोतवाली कैंट में मुकदमा संख्या 123/2026 के तहत गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 में मामला दर्ज किया गया था। गिरोह की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। मामले में फरार चल रहे अभियुक्तों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हिमाचल प्रदेश में छिपा था आरोपी

गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज होने के बाद संजय साहनी गिरफ्तारी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश में छिपा हुआ था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में सुरागरसी और पतारसी करते हुए उनकी लोकेशन के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम को हिमाचल प्रदेश भेजा गया, जहां लगातार प्रयासों के बाद संजय साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस इस मामले में गिरोह के एक अन्य सदस्य लक्ष्मण साहनी को कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, गिरोह का सरगना सेंटी साहनी हिमाचल प्रदेश में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार होने के बाद वर्तमान में कैथू जेल में बंद है।

शिमला में भी चोरी की घटना में आया नाम

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने शिमला में भी चोरी और नकबजनी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में शिमला के सदर थाने में मुकदमा संख्या 128/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में गिरोह के सरगना सेंटी साहनी को हिमाचल पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

बिहार का रहने वाला है गिरफ्तार अभियुक्त

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय साहनी (28 वर्ष), पुत्र अकलू साहनी, निवासी ग्राम बतिया, थाना गायघाट, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता बल्लीवाला, आइसक्रीम फैक्ट्री के पास, कोतवाली नगर क्षेत्र, देहरादून बताया गया है।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी-कर्मचारी:

– वरिष्ठ उपनिरीक्षक दुर्गेश कोठियाल, कोतवाली कैंट
– उपनिरीक्षक पंकज महिपाल
– कांस्टेबल केदारनाथ गोस्वामी

दून पुलिस का कहना है कि फरार और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Exit mobile version