बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर अपनी केदारनाथ यात्रा को लेकर चर्चा में आ गई हैं। हाल ही में उनके मंदिर जाने और पूजा-पाठ करने को लेकर एक इस्लामिक धर्मगुरु ने उनके खिलाफ फतवा जारी किया है। अभिनेत्री की इस यात्रा को लेकर विभिन्न हलकों में प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
केदारनाथ दर्शन के बाद उठे सवाल
बीते 25 अक्टूबर को अभिनेत्री सारा अली खान केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें वह मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़ी नजर आई थीं। हालांकि, उनकी इस यात्रा को लेकर बरेलवी उलेमा मौफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आपत्ति जताई है।
इस्लामिक नियमों के खिलाफ बताया पूजा-पाठ
सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन ने वीडियो जारी कर कहा कि शरीयत-ए-इस्लामिया किसी भी मुस्लिम पुरुष या महिला को दूसरे धर्म के रीति-रिवाजों को अपनाने या मंदिर में पूजा-पाठ करने की अनुमति नहीं देता है। उन्होंने कहा कि सारा अली खान द्वारा मंदिर में जाकर पूजा करना और दर्शन करना शरीयत की नजर में उचित नहीं है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
केदारनाथ से पुराना जुड़ाव
बता दें कि सारा अली खान का केदारनाथ से गहरा नाता रहा है। वह पहले भी कई बार इस धाम के दर्शन के लिए जा चुकी हैं। साल 2017 में उनकी फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान उन्होंने काफी समय वहां बिताया था। यह फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी जिसमें उनके साथ दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में नजर आए थे।

