तेलंगाना सरकार ने राज्यभर में यातायात प्रबंधन को मजबूत करने, सड़क दुर्घटनाओं की जांच करने तथा सड़क और रेलवे सुरक्षा में सुधार लाने के लिए एक विशेष ब्यूरो के गठन का निर्णय लिया है। इस नए निकाय का नाम तेलंगाना ट्रैफिक मैनेजमेंट, रोड एंड रेल सेफ्टी ब्यूरो (TG-TMARS) रखा गया है। सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य हादसों पर अंकुश लगाना और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।
यातायात और सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
प्रस्तावित ब्यूरो राजमार्ग गश्त, यातायात विनियमन, दुर्घटनाओं की जांच, विश्लेषण और निगरानी जैसे कार्यों की देखरेख करेगा। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में रोजाना औसतन 75 सड़क दुर्घटनाएं और 20 मौतें दर्ज की जाती हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। तेज गति से वाहन चलाना, शराब पीकर गाड़ी चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना और हेलमेट या सीटबेल्ट न पहनना इन हादसों के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। TG-TMARS के जरिए इन समस्याओं पर वैज्ञानिक तरीके से काम किया जाएगा।
ई-डार प्रणाली और CCTNS से होगी निगरानी
इस नई व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट (e-DAR) प्रणाली शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से दुर्घटनाओं का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा, जिसमें वाहन का विवरण, चालकों की जानकारी, दुर्घटना की परिस्थितियां, चोटें और मौत के आंकड़े शामिल होंगे। हर दुर्घटना का विवरण ई-डार के जरिए दर्ज करके क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS) में जोड़ा जाएगा। इस प्रणाली से अदालतों और बीमा दावों से जुड़ी प्रक्रिया को भी तेज करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों की टीम करेगी दुर्घटना स्थलों की जांच
पुलिस, परिवहन और चिकित्सा विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ दुर्घटना स्थलों की जांच करेंगे ताकि सही कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य के लिए निवारक उपाय सुझाए जा सकें। इस ब्यूरो के कामकाज को प्रभावी बनाने के लिए एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) रैंक के अधिकारी और कार्यालय स्टाफ की शुरुआती नियुक्ति की जाएगी। सरकार का यह नया विभाग HYDRA और TG-SAFE की तर्ज पर सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देगा।

