तकनीकी क्षेत्र की कार्यकारी एलीस हुआंग उस समय चर्चा में आ गईं जब उन पर अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता चिप निर्माता कंपनी एनविया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेन्सेन हुआंग को निशाना बनाकर जासूसी करने के आरोप लगे। चीनी नागरिक एलीस हुआंग, जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है, सिंगापुर की एक डाटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल से जुड़ी एक प्रमुख अधिकारी थीं। वैश्विक एआई चिप उद्योग में उनकी अच्छी पहुंच बताई जाती है और इस मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी ध्यान आकर्षित किया है।
एलीस हुआंग कौन हैं?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एलीस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं जिन पर बीजिंग के लिए जासूसी करने और एनविया के प्रमुख से जुड़ी खुफिया जानकारी जुटाने का आरोप है। हालांकि उनका उपनाम जेन्सेन हुआंग से मिलता है, लेकिन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि वह अंग्रेजी में कुशल हैं और एआई चिप उद्योग के उच्च स्तर पर सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। चीनी फंड डेटाबेस और ऑनलाइन प्रोफाइलों के अनुसार, उन्होंने अपने करियर में एचएसबीसी बैंक और कुछ चीनी मीडिया संस्थानों में भी काम किया है, हालांकि इन प्रोफाइलों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
रिश्तों और सार्वजनिक मेलजोल की चर्चा
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, जेन्सेन हुआंग और एलीस हुआंग के बीच करीबी संबंध रहे हैं। एनविया के प्रमुख ने हाल ही में अपनी पत्नी के प्रति वफादार न रहने पर खेद भी जताया था। ताइपे में एक तकनीकी एक्सपो के दौरान दोनों को एक डिनर पार्टी में एक साथ देखा गया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक मंचों पर चर्चा का विषय बने। इस दौरान दोनों के बीच करीबी मुलाकातों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ दिखने की कई खबरें सामने आईं।
मेगास्पीड इंटरनेशनल कंपनी और जांच
अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि एलीस हुआंग ने एक जासूस के रूप में एनविया के सीईओ को निशाना बनाया था। उस दौरान वह डाटा सेंटर फर्म मेगास्पीड इंटरनेशनल में शीर्ष पदों पर कार्यरत थीं, जो अन्य कंपनियों को एआई चलाने के लिए कंप्यूटिंग पावर किराए पर देती है। मेगास्पीड की वेबसाइट के अनुसार वह एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एनविया के कंप्यूटिंग पावर क्लाउड व्यवसाय की साझीदार है। अमेरिकी और सिंगापुर की एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या इस कंपनी के जरिए अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद प्रतिबंधित चिप्स को चीन भेजा जा रहा था। कंपनी ने पहले इन दावों को भ्रामक और गलत बताया था, जबकि इस पूरे प्रकरण की जांच जारी है।

