Site icon Memoirs Publishing

बिहार के कानून मंत्री के आवास पर बड़ी चोरी, लाखों के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर

बिहार के कानून मंत्री के आवास पर बड़ी चोरी, लाखों के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर

बिहार की राजधानी पटना में कानून और उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ के सरकारी आवास पर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंत्री के घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी सहित करीब 90 लाख रुपये मूल्य कीमती सामान चुरा लिया है। घटना के समय मंत्री और उनके परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था।

छठ पूजा के लिए गए थे पैतृक गांव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ और उनके परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा मनाने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे। परिवार के सदस्यों ने घर की चाबी एक पड़ोसी को सौंपी थी और उन्हें रात में वहां सोने के लिए कहा था, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे और इसी दौरान चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।

सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और इस सिलसिले में तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है। इसके अलावा, पुलिस आसपास लगे निजी और सरकारी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

दोपहिया वाहनों से पहुंचे थे बदमाश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पॉश एजी कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान को निशाना बनाया। चोरों ने घर की सीमा दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और कई कमरों के ताले तोड़कर इस चोरी को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Exit mobile version