बिहार संग्रहालय ने अपनी बेहतरीन व्यवस्था और संग्रह के बल पर वैश्विक स्तर पर एक नया मुकाम हासिल किया है। यात्रा संबंधी एक प्रकाशन ‘वर्थ अ जर्नी’ की दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में इस संग्रहालय को वैश्विक स्तर पर नौवां और एशिया में पहला स्थान दिया गया है। इस प्रतिष्ठित सूची में बिहार संग्रहालय ने न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट और पेरिस के लूव्र जैसे संस्थानों को भी पीछे छोड़ दिया है। यह सम्मान राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को एक नई दिशा देने वाला है। इस संग्रहालय की परिकल्पना, इसके लिए धन उपलब्ध कराने और इसे निरंतर संचालित रखने का श्रेय बिहार सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदृष्टि को जाता है। साथ ही, इसके महानिदेशक रहे अंजनी कुमार सिंह का नेतृत्व भी बेहद सराहनीय रहा है। 1917 में स्थापित पटना संग्रहालय ने भी इस उपलब्धि की नींव तैयार करने में एक बड़ी भूमिका निभाई थी और आज भी यह संस्थान आगंतुकों को इतिहास को जानने-समझने का अलग अवसर देता है।
ऐतिहासिक धरोहरों और वास्तुकला का अनूठा सफर
गंगा नदी के किनारे 1917 में मिली प्रसिद्ध दीदारगंज यक्षी प्रतिमा से लेकर मौर्य, गुप्त और पाल राजवंशों के अवशेषों तक, यह संग्रहालय इतिहास प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र है। पॉलिश्ड बलुआ पत्थर से बनी इस प्रतिमा के सामने खड़े होकर आगंतुक इसके मूर्तिकार के कौशल की सराहना कर सकते हैं। संग्रहालय की गैलेरियों में बौद्ध और जैन परंपराओं के अलावा क्षेत्रीय व समकालीन कला और प्रवासी बिहारियों को समर्पित एक दीर्घा भी है, जो यह दिखाती है कि बिहार की सांस्कृतिक जीवनधारा किस तरह विकसित होती रही है। जापान की माकी एंड एसोसिएट्स और मुंबई की ओपोलिस द्वारा तैयार की गई इसकी वास्तुकला और खुले प्रांगण आगंतुकों को अपनी गति से संग्रहालय को देखने और समझने का अवसर देते हैं। इसके अलावा, बाल दीर्घा में बच्चे स्वयं गतिविधियों में हिस्सा लेकर सीखते हैं, जिससे उनकी जिज्ञासा और बढ़ती है।
विरासत संरक्षण और नालंदा एप्रोच
बिहार के अन्य ऐतिहासिक स्थलों जैसे नालंदा के खंडहरों, बोधगया, राजगीर और वैशाली में आने वाले पर्यटकों के अनुभवों को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशीलता और सावधानी की आवश्यकता है। नालंदा में घूमते हुए आगंतुकों को यह अहसास होना चाहिए कि कभी यहां विद्वान किस तरह अध्ययन और विचारों का आदान-प्रदान करते थे। बोधगया में आगंतुकों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए वहां की धार्मिक गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए। राजगीर और वैशाली का इतिहास भी आगंतुकों के लिए सहज रूप से प्रस्तुत किया जाना चाहिए। हमारे प्राचीन शिक्षा-केंद्र और आध्यात्मिक चिंतन की परंपराएं कभी पूरे एशिया से लोगों को आकर्षित करती थीं। विद्वानों के आदान-प्रदान, संयुक्त प्रदर्शनियों और शैक्षणिक यात्राओं के माध्यम से हम उन संबंधों को फिर से जीवंत कर सकते हैं, जिसे ‘नालंदा एप्रोच’ कहा गया है। अपनी अमूल्य सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना और उसका सही तरीके से प्रस्तुतिकरण करना हम सबका सामूहिक दायित्व है।

