Site icon Memoirs Publishing

गुरुग्राम में धर्म परिवर्तन के आरोप में चार महिलाएं गिरफ्तार

गुरुग्राम में धर्म परिवर्तन के आरोप में चार महिलाएं गिरफ्तार

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने बच्चों को प्रलोभन देकर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में चार महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं पिछले कुछ महीनों से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थीं और बच्चों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल कर रही थीं।

मुफ्त शिक्षा का झांसा देकर बच्चों को फंसाया

जांच में सामने आया है कि सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घाटा गांव में यह घटना सामने आई है। आरोपी महिलाएं पिछले सात महीनों से इस क्षेत्र में सक्रिय थीं। वे पास की झुग्गी बस्तियों से बच्चों को मुफ्त ट्यूशन और शिक्षा देने के बहाने एक स्थान पर बुलाती थीं। बच्चों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें खाने-पीने की चीजें और पिकनिक जैसी गतिविधियों का लालच दिया जाता था।

पुलिस की छापेमारी और खुलासे

गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घाटा गांव में एक ठिकाने पर छापा मारा और मौके से चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि ये महिलाएं दिल्ली से गुरुग्राम आती थीं और एक अनौपचारिक निजी स्कूल चला रही थीं। इनमें से एक महिला निजी कंपनी में एचआर विभाग में काम करती है, दूसरी अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए वालंटियर है, तीसरी एक निजी फर्म में लीड एनालिस्ट है और चौथी महिला पिछले साल स्नातक पूरी करने के बाद बीएड की तैयारी कर रही थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरे भी बरामद किए हैं। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार की गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version