भारत में पारंपरिक कला और संस्कृति का इतिहास बेहद समृद्ध रहा है, जिसमें फर्श पर बनाई जाने वाली कलाकृतियों का एक खास स्थान है। आधुनिक आर्ट गैलरियों और पेंटिंग्स की प्रदर्शनी शुरू होने से बहुत पहले ही देश की महिलाओं ने अपने घरों के आंगन और दहलीज को अपनी ओपन-एयर गैलरी बना लिया था। इस प्राचीन परंपरा को संस्कृत में ‘भूमि चित्र’ या ‘धूलि चित्र’ भी कहा जाता है, जिसमें चावल, हल्दी, सिंदूर, फूलों और प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाता है।
अलग-अलग राज्यों में इस कला के अनूठे रूप
देशभर में इस पारंपरिक कला को अलग-अलग नामों से जाना जाता है और हर क्षेत्र की अपनी खास शैली है। तमिलनाडु में इसे ‘कोलम’, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ‘मुग्गू’, पश्चिम बंगाल में ‘अल्पना’, ओडिशा में ‘झोटी या चिता’, राजस्थान में ‘मांडणा’, गुजरात में ‘साथिया’ और उत्तराखंड में ‘ऐपण’ कहा जाता है। नाम भले ही अलग हों, लेकिन इन सभी का मुख्य उद्देश्य घरों को सजाना, समृद्धि का स्वागत करना और खास अवसरों का जश्न मनाना है। उदाहरण के लिए, राजस्थान के मांडणा और उत्तराखंड के ऐपण में लाल या गेरुए रंग की सतह पर सफेद डिज़ाइन बनाकर एक खूबसूरत कलर कॉन्ट्रैक्ट तैयार किया जाता है। वहीं, केरल में ओणम के दौरान ताजी फूलों की पंखुड़ियों से ‘पुक्कलम’ बनाने की परंपरा है।
गणितीय समझ और महिला संरक्षण
इन पारंपरिक कलाओं में अनजाने ही गणित की एक गहरी समझ और भाषा छिपी होती है। विशेषकर कोलम के डिजाइनों में समरूपता (सिमेट्री), ज्यामितीय आकृतियों और डॉट-ग्रिड्स का सटीक उपयोग किया जाता है। इन्हें बनाने वाली महिलाओं के पास भले ही कोई पैमाना या कंपास न हो, लेकिन अभ्यास के कारण वे अनुपात और संतुलन को बखूबी समझती हैं। पीढ़ियों से महिलाओं ने ही इन डिजाइनों को याद रखकर, उनमें बदलाव कर और अगली पीढ़ी को सौंपकर इस संस्कृति को सहेज कर रखा है।
मिट जाने की प्रकृति और निरंतरता
म्यूजियम में रखी जाने वाली पेंटिंग्स के उलट, रंगोली और फर्श के ये चित्र हमेशा के लिए नहीं होते हैं। ये हवा के झोंके, बारिश के छींके या लोगों के आने-जाने से मिट जाते हैं, लेकिन अगले दिन महिलाएं इन्हें फिर से नए सिरे से तैयार करती हैं। इस कला को किसी औपचारिक पहचान या स्थायित्व की चाह नहीं होती, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में खूबसूरती घोलना ही इसका मुख्य सार है।

