उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली आव्रजन कार्यालय में एक इंडोनेशियाई महिला को हिरासत में लिया गया है। यह महिला पिछले लगभग बीस वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों में फर्जी भारतीय पहचान के आधार पर निवास कर रही थी।
सोनौली बॉर्डर पर ऐसे खुला राज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब महिला नेपाल के लुम्बिनी जाने के लिए सोनौली आव्रजन कार्यालय पहुंची और उसने अपनी पहचान साबित करने के लिए भारतीय मतदाता पहचान पत्र दिखाया। अधिकारियों को उसके दस्तावेजों और हिंदी बोलने के अनोखे अंदाज पर शक हुआ। इसके बाद जब उसकी गहनता से जांच की गई, तो उसका असली इंडोनेशिया सामने आ गया।
दस्तावेजों में मिली भारी भिन्नता
अधिकारियों द्वारा जांच करने पर पता चला कि उसके इंडोनेशियाई पासपोर्ट पर उसका नाम रोहाना दर्ज है और जन्म तिथि 20 अक्टूबर 1970 है। वहीं, उसके भारतीय मतदाता पहचान पत्र पर उसका नाम ली किम लियान और जन्म तिथि 29 जून 1975 दर्ज पाई गई। इसके अलावा उसके पास आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे कई अन्य भारतीय पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि महिला के पास चीन और जापान के वैध वीजा थे और वह पहले भी कई बार विदेश यात्रा कर चुकी थी।
कोलकाता में संचालित करती थी केंद्र
प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि वह वर्ष 2005 से लगातार भारत में रह रही थी। हाल ही में नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी और कोलकाता में एक गैर-सरकारी संगठन के माध्यम से बौद्ध केंद्र का संचालन कर रही थी, जहां वह चेयरपर्सन के पद पर भी थी। पुलिस थाना प्रभारी विशाल कुमार शुक्ल ने बताया कि महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और विदेशी नागरिकों से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि उसने फर्जी दस्तावेज कैसे बनवाए और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

