Site icon Memoirs Publishing

जेएनयू में हॉस्टल के अंदर हिंसक झड़प, चार छात्र परिसरों से निष्कासित

जेएनयू में हॉस्टल के अंदर हिंसक झड़प, चार छात्र परिसरों से निष्कासित

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने परिसर के भीतर हुई एक हिंसक झड़प के बाद चार छात्रों को निष्कासित कर दिया है। इस घटना के बाद आरोपी छात्रों के विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।

बार्क हॉस्टल में हुई थी हिंसक झड़प

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना जेएनयू के बार्क हॉस्टल के एक कमरे में दोपहर के समय हुई थी। छात्रों के एक समूह ने हॉस्टल के एक कमरे में पहुंचकर विवाद शुरू कर दिया था। यह मामूली विवाद जल्द ही एक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें छात्रों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रशासन ने उठाया कड़ा अनुशासनात्मक कदम

घटना के बाद विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर ऑफिस की ओर से जारी आदेश के तहत चार छात्रों को निष्कासित किया गया है। प्रॉक्टरियल जांच पूरी होने तक इन छात्रों के पूरे परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि परिसर में किसी भी व्यक्ति ने इन निष्कासित छात्रों को शरण दी, तो उसके खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हिंसा के खिलाफ विश्वविद्यालय की जीरो-टॉलरेंस नीति

विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि छात्रों की शिकायतों के समाधान के लिए मजबूत संस्थागत तंत्र मौजूद हैं और संस्थान हिंसा के प्रति सख्त रुख अपनाता है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से छात्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है और परिसर का शैक्षणिक तथा सौहार्दपूर्ण माहौल प्रभावित होता है।

Exit mobile version