महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के सह-प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सीबीआई की आठ दिन की रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने उन्हें 19 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले की सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विशेष सीबीआई अदालत में याचिका दाखिल कर PMLA अदालत द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट को निष्पादित करने और 14 दिन की हिरासत की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने इस याचिका को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। अदालत का कहना था कि चूंकि सौरभ चंद्राकर को इसी अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और गैर-जमानती वारंट विशेष PMLA अदालत द्वारा जारी किया गया है, इसलिए ईडी को उचित Pmla अदालत का रुख करना चाहिए।
कानूनी प्रक्रिया और प्रत्यर्पर्ण
अदालत ने निर्देश दिया है कि केंद्रीय एजेंसी उचित PMLA अदालत में जाकर प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन कर सकती है। इसके बाद अदालत के आदेशों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जा सकती है।
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में जांच एजेंसी ने साल 2023 में रायपुर की विशेष PMLA अदालत से गैर-जमानती वारंट हासिल किया था और इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस भी जारी कराया गया था। शुरुआती समय में वह दुबई में था, जिसके बाद भारत सरकार ने प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। बाद में उनके ओमान जाने पर वहां की अदालत ने प्रत्यर्पण के अनुरोध को स्वीकार कर लिया और उन्हें भारत लाया गया।
आगे की कार्रवाई
सीबीआई के पास भी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ मामले दर्ज हैं। उन्हें 4 नवंबर को रायपुर लाया गया था, जिसके बाद एजेंसी ने दिल्ली मुख्यालय में पूछताछ के लिए आठ दिन की रिमांड हासिल की थी। सीबीआई मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर को तय की गई है। इस बहुचर्चित मामले में जांच एजेंसियां लगातार अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही हैं और अन्य पहलुओं पर भी गहनता से छानबीन की जा रही है।

