Site icon Memoirs Publishing

सफर पर निकलने से पहले क्या तलाश रहे देशवासी, गूगल ट्रेंड्स से खुलासे

सफर पर निकलने से पहले क्या तलाश रहे देशवासी, गूगल ट्रेंड्स से खुलासे

देशभर के लोगों का घूमने का तरीका अब पूरी तरह बदल रहा है, जिसमें छुट्टियों का मतलब केवल सैर-सपाटा नहीं बल्कि मानसिक सुकून हासिल करना बन गया है। गूगल ट्रेंड्स के आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले एक साल के भीतर ‘वेलनेस ट्रैवल इंडिया’ के सर्च में 1600 प्रतिशत और ‘फिटनेस ट्रिप’ की तलाश में 950 प्रतिशत की भारी तेजी दर्ज की गई है।

शांत जगहों और धीमी यात्रा का क्रेज

तनाव भरी दिनचर्या से राहत पाने के लिए पर्यटक अब शांत विश्राम स्थलों की खोज कर रहे हैं, जिसमें 150 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। इसके साथ ही कम स्थानों पर जाकर वहां अधिक वक्त बिताने वाली धीमी गति की यात्राओं के प्रति भी लोगों का रुझान बढ़ा है।

अकेले सफर और नए ठिकानों की तलाश

देश में अकेले घूमने का शौक रखने वालों की संख्या लगातार ऊपर जा रही है, जहां सोलो ट्रैवल गाइड जैसे विषयों को खूब तलाशा गया। हालांकि अकेले सफर करने वाले पर्यटक अन्य लोगों से जुड़े रहने के लिए ट्रैवल कम्युनिटी भी ढूंढ रहे हैं, जिसकी तलाश में 400 प्रतिशत की तेजी आई है। इसके अलावा देश की कम पहचानी गई खूबसूरत जगहों यानी हिडन जेम्स को खोजने में भी 400 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। एक दिन की यात्राओं के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा है और ठहरने के लिए लोग होमस्टे तथा पेट-फ्रेंडली होटलों को प्राथमिकता दे रहे हैं.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद

अपनी छुट्टियों की रूपरेखा तैयार करने के वास्ते पर्यटक अब आधुनिक तकनीक का भी भरपूर उपयोग कर रहे हैं। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक यात्रा के लिए एआई के इस्तेमाल संबंधी सर्च में 600 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिससे साफ होता है कि इंटरनेट मीडिया से मिलने वाले विचारों को लोग तकनीक की मदद से अंतिम रूप दे रहे हैं।

Exit mobile version