जबलपुर में नकली रेमडेसीविर में आरोपी की पत्नी और मैनेजर गिरफ्तार
जबलपुर: शहर में नकली रेमडेसीविर इंजेक्शन मामले में पुलिस का शिकंजा अब कसता जा रहा है। मामले में ओमती थाना पुलिस ने देर रात सिटी अस्पताल के संचालक और मामले के मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह मोखा की पत्नी जसमीत मोखा और सिटी अस्पताल की मैनेजर सोनिया खत्री शुक्ला को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर मामले की जांच में सहयोग न करने और सबूत छिपाने का आरोप है।
पुलिस लगातर बीते कई दिनों से मोखा परिवार से पूछताछ कर रही थी, लेकिन इतने गंभीर मामले की जांच में सहयोग न करने और कई अहम साक्ष्यों को छुपाने के मामले में पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इधर मोखा के बड़े बेटे हरकरण मोखा की तालाश में पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे रही है। आपको बता दे कि हरकरण मोखा पर इस काले खेल में नकली आईडी का उपयोग करने का आरोप है। गौरतलब है कि पुलिस ने अस्पताल से एक सूची प्राप्त की है जिसमें 460 मरीजों के नाम सामने आए जो मोखा के सिटी अस्पताल में भर्ती थे।
पुलिस इन मरीजों के परिजनों से भी पूछताछ करने उनके घर पहुंच रही है। अभी तक जबलपुर पुलिस मामले में जहां सरबजीत सिंह मोखा और अस्पताल के मेडिसीन इंचार्ज देवेश चौरसिया को गिरफ्तार कर NSA की कार्रवाई की है। वहीं अब मोखा की पत्नी और हॉस्पिटल मेनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि मामले में जल्द और भी गिरफ्तारी हो सकती है। मामले में जबलपुर पुलिस अब तक 8 लोगों को आरोपी बना चुकी है।

