Site icon Memoirs Publishing

Mussoorie: भारी बारिश के बाद अचानक उफान पर आया कैंपटी फॉल, तस्वीरों में देखें विकराल रूप

भारी बारिश के बाद अचानक उफान पर आया कैंपटी फॉल

रविवार को भारी बारिश के बाद पर्यटक स्थल कैंपटी फॉल अपने रौद्र रूप में आ गया। क्षेत्र में हुई बारिश के बाद कैंपटी फॉल का जलस्तर अचानक इतना बढ़ गया कि उसे देखते ही लोग घबरा गए। व्यापारियों ने जैसे ही फॉल का विकराल रूप से देखा तो सुरक्षा की दृष्टि से दुकानें बंद कर दी। वहीं फॉल में अचानक पानी बढ़ने से झील में मलबा भर गया। उधर, भारी बारिश से भट्टा फॉल भी पूरे उफान पर रहा।

कैंपटी क्षेत्र की उंची पहाड़ियों पर हुई भारी बारिश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कैंपटी फॉल में मौजूद करीब पचास से अधिक पर्यटकों को पानी बढ़ने की सूचना दी और वहां से सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

कैंपटी फॉल के व्यापारी सुमन नौटियाल ने बताया कि इस सीजन में पहली बार कैंपटी फॉल का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन पानी बढ़ने से पहले पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ देर बाद पानी फिर कम हो गया था।

पानी कम होने के बाद फिर से पर्यटक कैंपटी फॉल की झील में मस्ती करने पहुंच गए। वहीं थानाध्यक्ष कैंपटी शांति प्रसाद चमोली ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए कैंपटी फॉल में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, पर्यटकों को भी एहतियात के साथ नहाने के लिए कहा गया है।

भारी बारिश के चलते भट्टा फाल में बाढ़ सी स्थिति नजर आई। वहीं, पहाड़ों की रानी मसूरी में हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर के बरसाती नाले बंद होने से पानी मोहल्ले के बीच जाने वाले रास्ते में बहने लगा। सड़कें भी तालाब बन गई।

Exit mobile version