Site icon Memoirs Publishing

उत्तराखण्ड के अपमान पर अखिलेश यादव सार्वजनिक रूप से मांगें माफी : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखण्डवासियों को घुसपैठिया बताए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। इस पावन धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक महान व्यक्तित्व दिए हैं। ऐसे प्रदेश के लोगों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता आज भी नहीं भूली है कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में पृथक राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर रामपुर तिराहा में गोलियां चलाई गई थीं। पिता के शासनकाल में आंदोलनकारियों पर गोलियां चलीं और आज पुत्र उत्तराखण्डवासियों को घुसपैठिया बता रहे हैं। यह राज्य के संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान का अपमान है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान के लिए उत्तराखण्ड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही कांग्रेस को भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अपने राजनीतिक सहयोगी के इस बयान का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की स्वाभिमानी जनता अपने संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूल सकती।

Exit mobile version