Uttarakhand Election Results 2022: उत्‍तराखंड में फिर भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री धामी हारे; भाजपा ने चुनाव में जीतीं 47 सीट

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में मिथक आखिरकार टूट गया। पांचवीं विधानसभा के चुनाव में गुरुवार को मतों का पिटारा खुला तो देवभूमि में फिर से लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में दोबारा बड़ा जनादेश सुनाते हुए कुल 70 में से 47 सीटें थमा दीं, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऊधमसिंह नगर जिले की खटीमा सीट से चुनाव हार गए। कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, 2017 की तुलना में उसकी सीट 11 से बढ़कर 19 तो हो गईं, लेकिन सत्ता पाने की इच्छा अधूरी रह गई।

चुनाव परिणाम में बड़ा उलटफेर भी देखने को मिला। प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव अभियान की बागडोर संभाल रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत नैनीताल जिले की लालकुआं सीट से चुनाव हार गए। रावत पिछले चुनाव में भी दो सीटों से चुनाव हार गए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी चुनाव हार गए हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

परिणामों ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश में मोदी मैजिक की धूम रही। मतदाताओं ने डबल इंजन पर भरोसा जताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक एवं भाजपा सरकार के 10 में से आठ मंत्री प्रतिष्ठा बचाने में सफल रहे। कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद चुनाव हार गए। भाजपा के 27 और कांग्रेस के तीन विधायक इस बार भी चुनाव जीते हैं। बसपा ने दो सीट लेकर प्रदेश में वापसी की है, जबकि आप और उक्रांद साफ हो गए।

मतदान के 24 दिन बाद गुरुवार को राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम और पोस्टल बैलेट का पिटारा खुला। बीती 14 फरवरी को 65.37 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। एक्जिट पोल के अनुसार ही मतगणना के शुरुआती रुझान से ही भाजपा को बढ़त मिलने लगी थी। पिछले चुनाव में भाजपा ने तीन-चौथाई से ज्यादा बहुमत के साथ 57 सीट हासिल की थी। इस बार ये सीट घटकर 47 रह गई हैं। सत्तारूढ़ दल ने सत्ता पर कब्जा बरकरार रखते हुए सरकार की अदला-बदली का मिथक तोड़ डाला।

इसके बावजूद भाजपा उलटफेर का शिकार होने से बच नहीं सकी। पार्टी को बड़ा झटका मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की हार के रूप में लगा। धामी को ऊधमसिंह नगर जिले की खटीमा सीट पर उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने 6579 मतों के अंतर से पराजित किया। पिछले चुनाव में तीन-चौथाई से ज्यादा बहुमत पाने वाली भाजपा इस बार दो-तिहाई बहुमत तक पहुंच पाई है।

कांग्रेस के चुनावी चेहरे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के डा मोहन सिंह बिष्ट से 17,527 मतों के बड़े अंतर से हार गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी पौड़ी जिले की श्रीनगर सीट से 587 मतों के अंतर से हारे।

मोदी लहर ने दिखाया असर

सत्ताधारी दल के पक्ष में मोदी लहर एक बार फिर कारगर रही। एंटी इनकंबेंसी और मुख्यमंत्री बदलने को लेकर हमलावर विपक्ष के प्रहारों को प्रधानमंत्री मोदी ने भौंथरा कर दिया। कोरोना संक्रमण के चलते चुनाव की प्रक्रिया प्रतिबंधों के साये में प्रारंभ हुई। करीब 45 दिन तक चुनाव के लिए हुई जोर-आजमाइश में मोदी ने तीन रैलियों को संबोधित किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी प्रचार में ताकत झोंकी थी। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने कुल पांच जनसभाओं को संबोधित किया। इसके अतिरिक्त राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई केंद्रीय नेता भी विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे।

आठ मंत्री चुनाव जीते

भाजपा सरकार के आठ मंत्री चुनाव जीते। सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल, बंशीधर भगत ने कालाढूंगी, बिशन सिंह चुफाल ने डीडीहाट, रेखा आर्य ने सोमेश्वर, अरविंद पांडेय ने गदरपुर, डा धन सिंह रावत ने श्रीनगर, सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर व गणेश जोशी ने मसूरी सीट से जीत हासिल की। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापसी करने वाले पूर्व मंत्री यशपाल आर्य बाजपुर सीट से चुनाव जीत गए हैं, जबकि उनके पुत्र संजीव आर्य नैनीताल सीट से हार गए। यमकेश्वर सीट छोड़कर कोटद्वार से चुनाव मैदान में उतरीं पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री व भाजपा विधायक ऋतु खंडूड़ी ने पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी को हराकर उलटफेर किया। कुछ इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्री अनुपमा रावत ने कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को हराकर जीत दर्ज की।

बसपा के दो व दो निर्दल जीते

गुरुवार रात्रि तक चुनाव परिणाम आने तक भाजपा को 44.33 प्रतिशत मत मिले। 2017 की तुलना में भाजपा के मतों में 2.17 प्रतिशत की कमी आई है। कांग्रेस को 37.91 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं। पिछले साल की तुलना में मतों में 4.41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। भाजपा ने पर्वतीय जिलों में प्रदर्शन को दोहराया है। मैदानी जिलों में पार्टी के जनाधार में कमी आई है। बहुजन समाज पार्टी ने हरिद्वार जिले की दो सीटें लक्सर व मंगलौर लेकर वापसी की है। बसपा को मत प्रतिशत 4.82 रहा। दो निर्दलीय उत्तरकाशी जिले की यमुनोत्री व हरिद्वार जिले की खानपुर सीट पर विजयी रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले भाजपा को दो-तिहाई बहुमत देने के लिए राज्य की जनता का हृदय की गहराइयों से आभार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में हो रहे विकास कार्यों पर जनता ने आशीर्वाद दिया है। हम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और उत्तराखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए अपने प्रयासों में कोई कमी नहीं आने देंगे।

हरीश रावत (पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष) का कहना है कि क्षमा चाहता हूं कि लालकुआं के मतदाताओं का विश्वास अर्जित नहीं कर सका। मैंने चुनावी वादों को पूरा करने का अवसर गंवा दिया है। राजनीति में स्थायित्व आने पर लालकुआं के लोगों को धन्यवाद करने आऊंगा। उन्होंने मुझसे श्रेष्ठ उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुना है। जनता और चयनित उम्मीदवार को बधाई व शुभकामनाएं।

 

Share this content:

Previous post

पांच राज्यों में हार पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस को दिखाया आईना, कहा- नेतृत्व कभी नहीं सीखेगा

Next post

पिथौरागढ़ जिला और महिला चिकित्सालय को मिलने वाले अनुदान में गिरावट, आरटीआइ से तथ्य हुए उजागर

देश/दुनिया की खबरें