रुद्रप्रयाग: आईजी निलेश आनन्द भरणे ने परखी केदारनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था
आप को बता दे
आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था निलेश आनन्द भरणे ने लिया केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा
रुद्रप्रयाग: उत्तराखण्ड में आगामी केदारनाथ यात्रा के कुशल संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, निलेश आनन्द भरणे ने जनपद रुद्रप्रयाग स्थित श्री केदारनाथ धाम का दौरा किया। उन्होंने जनपद मुख्यालय से लेकर गौरीकुण्ड तक पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और गौरीकुण्ड से श्री केदारनाथ धाम तक पैदल चलकर मंदिर सुरक्षा, यात्रा प्रबंधन और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलेश आनन्द भरणे ने केदारनाथ धाम में आगामी यात्रा काल में तैनात होने वाले पुलिस बल के आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की प्रभावी सुरक्षा, दर्शन हेतु पंक्ति प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में मंदिर सुरक्षा में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों से भी बातचीत की।
केदारनाथ धाम पहुंचने से पहले, उन्होंने जनपद मुख्यालय से गौरीकुण्ड तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग स्थलों, विश्राम स्थलों, यातायात प्रबंधन और यात्रा ड्यूटी के लिए नियुक्त होने वाले पुलिस बल के ठहरने और भोजन व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। गौरीकुण्ड से पैदल यात्रा करते हुए उन्होंने जंगलचट्टी, भीमबली, लिंचोली और केदारनाथ बेसकैंप पर पुलिस बल के लिए उपलब्ध आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने जनपद पुलिस द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड ने रुद्रप्रयाग से लेकर केदारनाथ धाम तक सभी स्थानों पर वर्तमान में तैनात पुलिस बल के साथ संवाद स्थापित करते हुए यात्रा काल में सही ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर केदारनाथ में चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड सूरज कण्डारी और सोनप्रयाग में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग सहित संबंधित स्थानों के थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
Share this content:



Post Comment