UTTARAKHAND NEWS: सीएम धामी ने भ्रष्टाचार, अतिक्रमण और फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए आदेश
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को भ्रष्टाचार, अवैध अतिक्रमण और फर्जी दस्तावेजों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए टोल फ्री नंबर 1064 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने धर्मांतरण से संबंधित मामलों की विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा और सभी जिलों में सतत सत्यापन अभियान जारी रखने का निर्देश दिया।
धामी ने स्पष्ट कहा कि आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेजों के निर्माण में सटीक और प्रमाणिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। गलत दस्तावेज जारी करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान को लगातार जारी रखने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पहले से अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो। साथ ही शत्रु संपत्तियों पर अतिक्रमण का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट पेश की जाए।
सरकारी भवनों के निर्माण में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता देने तथा राज्य की पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशैली और सांस्कृतिक पहचान को समाहित करने के निर्देश भी दिए गए। बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन, ए.पी. अंशुमन, सचिव विनोद कुमार सुमन और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।
Share this content:
