उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ डॉक्टरों के तबादले
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और पारदर्शिता लाने की दिशा में कदम
देहरादून, 11 जून / उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में मंगलवार को एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत निदेशक स्तर से लेकर जिला चिकित्साधिकारी (JD) और अन्य वरिष्ठ पदों पर कार्यरत कई डॉक्टरों का तबादला कर दिया गया। यह फेरबदल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस निर्णय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुचारू, पारदर्शी और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों और चिकित्सकों की नई तैनाती से राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रशासनिक बदलाव के तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी स्थानों पर योग्य और प्रतिबद्ध अधिकारी नियुक्त किए जाएं ताकि आम जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। डॉ. कुमार ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड में अस्पतालों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आए और आमजन तक गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंचे।”
सूत्रों के अनुसार, जिन डॉक्टरों का तबादला किया गया है, उन्हें शीघ्र ही अपने-अपने स्थानों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया नियमित मूल्यांकन के आधार पर की जा रही है और भविष्य में भी सेवा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाते रहेंगे।
इस फेरबदल को स्वास्थ्य महकमे में कार्यकुशलता बढ़ाने, जवाबदेही तय करने और मरीजों को प्राथमिकता देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। राज्य सरकार की मंशा है कि दूरस्थ क्षेत्रों तक भी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाई जा सकें।