UTTARAKHAND: राष्ट्रीय राजमार्ग-7 और 34 के सुधार कार्यों के लिए 720.67 करोड़ की परियोजना स्वीकृत, धामी ने प्रधानमंत्री  और केंद्रीय मंत्री का जताया आभार

देहरादून–लालटप्पर–नेपाली फार्म और नेपाली फार्म–मोतीचूर राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के सुधार कार्यों के लिए ₹720.67 करोड़ की परियोजना स्वीकृत।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया।

देहरादून — उत्तराखंड की सड़क कनेक्टिविटी और यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने देहरादून जनपद स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-7 और राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के कुल 36.82 किलोमीटर लंबे खंडों के सुधार कार्य हेतु ₹720.67 करोड़ की लागत वाली परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।

यह परियोजना एनएच-7 के देहरादून–लालटप्पर–नेपाली फार्म खंड और एनएच-34 के नेपाली फार्म–मोतीचूर खंड पर लागू की जाएगी। परियोजना का उद्देश्य इन मार्गों पर यातायात को सुगम, तेज़ और सुरक्षित बनाना है, जो विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे तीर्थ और पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाएगा। साथ ही यह चारधाम यात्रा मार्ग की सुगमता को भी बढ़ाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परियोजना को स्वीकृति दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “यह परियोजना राज्य के बुनियादी ढांचे को नया आयाम देगी और सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी।”

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रमुख जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेशन (Grade Separation) किया जाएगा और स्थानीय यातायात को मुख्य राजमार्ग ट्रैफिक से अलग किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात का प्रवाह अधिक नियंत्रित होगा। इसके अतिरिक्त सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा, जो स्थानीय आवागमन को सरल बनाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में आधारभूत संरचना का तीव्र विकास हो रहा है और यह परियोजना उसी दिशा में एक और मजबूत कड़ी साबित होगी।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।