अवैध अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस: देहरादून में जिला प्रशासन का बड़ा अभियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून में जिला प्रशासन का बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई और फुटपाथ किए गए अतिक्रमण मुक्त।

IMG-20251230-WA0067 अवैध अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस: देहरादून में जिला प्रशासन का बड़ा अभियान

अवैध अतिक्रमण पर मुख्यमंत्री का जीरो टॉलरेंस

जिला प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, शहरभर में संयुक्त अभियान

IMG-20251230-WA0066 अवैध अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस: देहरादून में जिला प्रशासन का बड़ा अभियान

देहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में आमजन को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मंगलवार को देहरादून शहर में अवैध अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध व्यापक संयुक्त अभियान चलाया। मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल के नेतृत्व में चले इस अभियान में फुटपाथ एवं सड़कों पर अवैध रूप से खड़े सैकड़ों दोपहिया व चौपहिया वाहनों को जब्त कर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम ने घंटाघर से राजपुर रोड, ऐस्लेहॉल, दर्शन लाल चौक, कनक चौक, लैंसडाउन चौक एवं चकराता रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ व सड़क पर खड़े वाहनों को हटाया। नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए वाहन स्वामियों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा फुटपाथ पर वाहन खड़े पाए जाने पर केवल चालान ही नहीं, बल्कि वाहन का पंजीकरण भी निरस्त किया जाएगा।

अभियान के दौरान फुटपाथों पर अवैध रूप से संचालित ठेली-रेहड़ी एवं मैकेनिकल दुकानों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की गई। इन दुकानों का सामान जब्त कर नियमानुसार चालान किया गया। इसके साथ ही सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए पोस्टर, बैनर एवं अन्य अवरोधक सामग्री को भी हटाया गया।

खाने-पीने की दुकानों के बाहर खुले में कूड़ा पाए जाने तथा डस्टबिन की व्यवस्था न होने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा कि फुटपाथ आमजन के सुरक्षित आवागमन के लिए हैं, न कि वाहन पार्किंग या अवैध व्यवसाय संचालन के लिए। दुर्घटनाओं एवं यातायात अवरोध के प्रमुख कारणों पर यह संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। अतिक्रमण मुक्त सड़कें और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस संयुक्त अभियान में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, आरटीओ संदीप सैनी, आरटीओ अनिता चमोला, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार प्रदीप नेगी सहित नगर निगम, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Share this content: