1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
BJP Leader Dehradun, Dehradun Update, Free Cataract Surgery Senior Citizens, Geriatric Caregiver Training, Maatri Pitru Bhakti Diwas, Model Old Age Home Uttarakhand, Old Age Pension Scheme, Pushkar Singh Dhami, Senior Citizen Welfare Uttarakhand, Social Welfare Schemes Uttarakhand, Umesh Agrawal Birth Anniversary, Uttarakhand Chief Minister, uttarakhand latest news
MP Team
मुख्यमंत्री धामी ने स्व. उमेश अग्रवाल की 66वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में स्व. उमेश अग्रवाल की 66वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन, निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी एवं मॉडल वृद्धाश्रम योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. उमेश अग्रवाल की 66वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर, उनके सम्मान व संरक्षण को सरकार प्रतिबद्ध: सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जी.एम.एस. रोड, देहरादून में स्वर्गीय उमेश अग्रवाल की 66वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मातृ-पितृ भक्ति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. उमेश अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके समाजसेवी, संगठनकर्ता एवं राष्ट्रसेवक व्यक्तित्व को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय उमेश अग्रवाल का संपूर्ण जीवन संगठन, समाज और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनसेवा और विकास उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के कार्यकारी अध्यक्ष एवं दून उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक के रूप में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठजन केवल परिवार के संरक्षक ही नहीं होते, बल्कि वे हमारी संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों के जीवंत वाहक भी होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह ₹1500 की पेंशन प्रदान की जा रही है, जिससे राज्य के लगभग 6 लाख वृद्धजन लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत पात्र पति-पत्नी दोनों को पृथक-पृथक पेंशन का लाभ भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में पहली बार वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल हेतु जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण (Geriatric Caregiver Training Program) कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत लगभग 20 मास्टर ट्रेनर तैयार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रत्येक जनपद में कम से कम 50 मास्टर ट्रेनर तथा 150 जेरियाट्रिक केयर गिवर को प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करा रही है। वर्ष 2025 में 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क सर्जरी कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, बदलते सामाजिक परिदृश्य में रिश्तों से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिसके तहत बुजुर्गों को अपने बच्चों या कानूनी उत्तराधिकारियों से भरण-पोषण की कानूनी मांग करने का अधिकार प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, विधायक सविता कपूर, खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Share this content:
