1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
Dehradun Administration, Dehradun Traffic Update, Dehradun Update, DM Savin Bansal, Encroachment Removal, Illegal Construction Demolition, ISBT Dehradun, ISBT Parking Facility, National Highway Authority, Public Convenience Dehradun, Traffic Management Dehradun, uttarakhand latest news
MP Team
आईएसबीटी अव्यवस्था पर डीएम सविन बंसल सख्त, अवैध निर्माण ध्वस्त करने के निर्देश
आईएसबीटी क्षेत्र में अव्यवस्था पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई
अवैध निर्माण ध्वस्त, चौकी शिफ्ट करने के निर्देश, यातायात व्यवस्था होगी पूरी तरह दुरुस्त

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात, पार्किंग एवं निकासी व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को मौके पर ही स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान हरिद्वार बाईपास की ओर आईएसबीटी फ्लाईओवर के समीप सड़क किनारे उपलब्ध खाली भूमि पर टाइल्स लगाकर सुव्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रियों एवं आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
दिल्ली जाने वाली बसों के लिए निर्धारित निकासी गेट के बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और एमडीडीए को तत्काल गेट खोलने के निर्देश दिए। पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर संबंधित एआरएम के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने फ्लाईओवर के नीचे बने अवैध कटों को बंद कर सुरक्षित एवं वैज्ञानिक क्रॉसओवर विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही फ्लाईओवर के नीचे सुव्यवस्थित, कलर-कोड आधारित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा निकासी गेट के समीप स्थित पुलिस चौकी को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
आईएसबीटी गेट पर किए गए अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कर निकासी मार्ग को पूर्ण रूप से सुचारू करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सके। जिलाधिकारी ने आरटीओ को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) को आईएसबीटी क्षेत्र के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टाइल्स लगाकर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए मौके पर ही आवश्यक धनराशि की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि आईएसबीटी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अतिक्रमण या यातायात बाधा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम नमामी बंसल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला सहित एमडीडीए एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this content:
