सार्वजनिक रूप से माफी मांगें खड़गे : गणेश जोशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में आज देहरादून के जाखन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। राजनीतिक विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन किसी के माता-पिता के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसी टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए वह कम है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना राजनीतिक शालीनता और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति जनहित के मुद्दों पर सार्थक संवाद के बजाय व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और कटुता तक सिमटती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस नेतृत्व जिस तरह उनके परिवार को भी राजनीतिक विवादों में घसीट रहा है, वह उसकी राजनीतिक सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि व्यक्तिगत अपमान के सहारे न तो जनता का विश्वास जीता जा सकता है और न ही राजनीतिक असफलताओं पर पर्दा डाला जा सकता है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में मर्यादा, शालीनता और परस्पर सम्मान बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक नेता का दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने की मांग की।

 

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।