देवप्रयाग के पास दर्दनाक सड़क हादसा: नदी किनारे 150 मीटर नीचे गिरी कार, दो की मौत, तीन घायल

देवप्रयाग के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह कार संख्या HR-68 C 1242 चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। इसी दौरान देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह और श्रीनगर टीम से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। एसडीआरएफ टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शवों को बाहर निकाला। घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और नदी मार्ग को देखते हुए दोनों शवों को राफ्ट के माध्यम से नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया गया। इसके बाद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे में इनकी हुई मौत

मृतकों की पहचान 72 वर्षीय सत्येश्वरी देवी, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल के रूप में हुई है।

तीन लोग घायल

हादसे में उत्तम सिंह (33), निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45), निवासी ग्राम बीना, जिला रुद्रप्रयाग घायल हुए हैं। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर टीम ने आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया। हादसे के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

 

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।