1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
देश/विदेश
हेल्थ एंड फिटनेस
2 October, Cleanliness is Service-2024, Dehradun Update, Kiren Rijiju participates Swachh Bharat Campaign in Doon, svabhaav svachchhata aur sanskaar svachchhata, Swachh Bharat Campaign, Union Minister Kiren Rijiju participates in cleanliness drive in Dehradun, uttarakhand latest news
MP Team
स्वच्छता ही सेवा-2024: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने देहरादून में स्वच्छता अभियान में किया प्रतिभाग
स्वभाव स्वच्छता और संस्कार स्वच्छता।
Uttarakhand News:
2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा-2024 के अंतर्गत स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रमो में शिरकत की।
गांधी पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किशननगर चौक स्थित खादी ग्रामोद्योग पहुंचे, यहां उन्होंने चरखा चलाया और ग्रामोद्योग का निरीक्षण किया। इसके पश्चयात मंत्री नैशविला रोड पहुंचे जहां उन्होंने स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत स्वच्छता सेवा इकाई का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही स्वच्छता मित्रो और कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि सरकार ने 50 वर्ष पुराने नैशविला रोड स्थित कूड़ेदान से मुक्ति दिलाकर क्षेत्रवासियों को सौगात दी है।
कार्यक्रम के तहत किरेन रिजिजू गांधी पार्क पहुंचे। यहां केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यापर्ण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने झाड़ू लगाकर सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत गांधी पार्क परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगो को सम्मानित भी किया।

उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आकर उन्हें अत्यंत सुख की अनुभूति होती है। यहाँ उन्हें अपने घर जैसा वातावरण मिलता है। यहाँ के लोगो मे आदर और सत्कार का भाव झलकता है जो कि अतिथि देवो भवः की भावना को चरितार्थ करता है। साथ ही उन्होंने देवभूमि से अपने लगाव को भी साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार वह यहाँ के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भ्रमण कर चुके हैं।सुदूरवर्ती क्षेत्र स्थित जिला पिथौरागढ़ के गूंजी का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहाँ के स्थानीय निवासियों द्वारा उन्हें पूर्व में बताया गया था क्षेत्र में सड़क आने की कोई उम्मीद नही है। जिससे क्षेत्रवासियों और पर्यटकों को काफी असुविधा होती थी। उनकी इस पीड़ा को समझते हुए चूंकि वह स्वयं अरुणाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य से आते हैं और उन्हें यह भलीभांति ज्ञात है कि सड़क मार्ग नही होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चो को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ऐसे में उनके द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हुए गूंजी क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया गया। प्रधानमंत्री ने क्षेत्रवासियों की इस पीड़ा को समझते हुए सड़क मार्ग के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कराई। जिसका की निर्माण होने से स्थानीय लोगो के साथ ही पर्यटकों को लाभ प्राप्त हो रहा है।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह हमारे देश के प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और नेतृत्व ही है कि आज उत्तराखंड में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिनमे केदारनाथ का पुनर्निर्माण हो, बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत किये जा रहे कार्य हो, दिल्ली-देहरादून फोर लेन का निर्माण कार्य हो, केदारखंड, मानसखंड योजना, टिहरी झील में साहसिक गतिविधियों के लिए 4 करोड़ रूपये की स्वीकृत राशि सहित अनेक ऐसी योजनाओं से देवभूमि को लाभान्वित किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर देहरादून में स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें संतुष्टि महसूस हुई। इस वर्ष स्वच्छता अभियान की थीम “स्वभाव स्वच्छता और संस्कार स्वच्छता” है। स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर, 2014 को राजघाट से की थी। इस अभियान का मकसद भारत को साफ़-सुथरा बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत, हर परिवार को शौचालय, ठोस और तरल अपशिष्ट निपटान की सुविधा, पेयजल आपूर्ति, और गाँवों की स्वच्छता सुनिश्चित करना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व जब प्रधानमंत्री जी ने लालकिला से देशवासियों को संबोधित किया तो उन्होंने आम जनमानस से स्वच्छता और स्वच्छ भारत की बात कही। उन्होंने सभी से स्वच्छ भारत मिशन में बढ़चढ़ कर भागीदारी करने की अपील की। उनकी इस अपील को जनसमर्थन मिला।आज सफाई अभियान में उत्तराखंड बेहतरीन मिसाल पेश कर रहा है। हमे अपने वातारण और परिवेश को स्वच्छ रखने हेतु निरंतर कार्य करना चाहिए। इसे सिर्फ एक दिन तक सीमित ना रखें। उन्होंने कहा अगर पर्यावरण को स्वच्छ रखना है तो पेड़ो को बचाए रखने की आवश्यकता है।

केन्द्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के गूंजी, हर्षिल, चकराता, नाभी, औली, नीति, माणा, टिहरी आदि स्थलों के भ्रमण स्मरण को साझा करते हुए कहा कि देवभूमि बेहद खूबसूरत है। उन्होंने सभी से उत्तराखंड आने को कहा लेकिन यहां आकर गंदगी नही फैलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां आकर उनके मन को अत्यंत प्रसन्नता होती है। हम सभी को अपने इन क्षेत्रों और धरोहरों को संजो कर रखना है।

किरेन रिजिजू ने युवाओ को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन मे फिट रहने की बात कही। उन्होंने कहा हमने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे मूवमेंट शुरू किए। इन आयोजनों का एक ही ध्येय है कि किस प्रकार से हम स्वयं को फिट रख सकें। उन्होंने युवाओ से अधिक से अधिक खेलों में भागीदारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जीवन मे फिट रहने के लिए खेल एक ऐसा माध्यम होता है जो हमारे मन और तन को भी तंदुरुस्त बनाये रखता है।
इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू शहीद स्मारक पहुंचे। वहां उन्होंने राज्य आंदोलन में अपने प्राणों की आहूति देने वाले राज्य आंदोलनकारियों की मूर्ति पर माल्यापर्ण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नमन किया।
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 10 वर्ष पूर्व शुरू किया गया स्वछता अभियान आज प्रत्येक व्यक्ति का अभियान बन गया है। आज हमारा राज्य स्वछता के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। कहा कि हमे अपने आस पास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ ही प्रकर्ति को भी हरा भरा रखने में सहयोग प्रदान करना चाहिए।

कार्यक्रम में इस अवसर पर राज्यसभा सांसद व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक खजान दास, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव नितेश झा, निदेशक शहरी विकास नितिन भदौरिया, शहरी जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, मुख़्य नगर आयुक्त गौरव कुमार, मुख़्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सहित कई अन्य उपस्थित रहे।
Share this content:
