1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
CM Pushkar Singh Dhami, Dalanwala Police Station, Dehradun Police, Dehradun Update, FIR Inspection, Law and Order Uttarakhand, Police Negligence, SHO Line Attached, Surprise Inspection, Uttarakhand Chief Minister, uttarakhand latest news, Women Help Desk, Zero Tolerance Policy
MP Team
सीएम धामी का औचक निरीक्षण: डालनवाला थाने में थानेदार अनुपस्थित, तत्काल लाइन हाजिर
सीएम धामी का औचक निरीक्षण: डालनवाला थाने में थानेदार अनुपस्थित, तत्काल लाइन हाजिर
लापरवाही पर मुख्यमंत्री का सख़्त प्रहार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य है।

मुख्यमंत्री धामी विभिन्न बैठकों के उपरांत अचानक पुलिस स्टेशन पहुंचे। उनके औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई। निरीक्षण के दौरान थाने में अव्यवस्था और गंदगी पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराज़गी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने थाने में मौजूद शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता न मानते हुए पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ दर्ज किया जाए तथा उनका त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसेवा में कोताही पर सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति है।

मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत की। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर की गहन जांच करते हुए दर्ज मामलों की प्रगति, फॉलोअप और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का भी निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
थाने में स्थित हवालात में गंदगी और अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ-सफाई और मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति और संवेदनशीलता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, सत्यापन अभियान और अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख़्त शब्दों में कहा,
“कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित में सख़्त से सख़्त कार्रवाई से सरकार पीछे नहीं हटेगी।”
Share this content:
