चीनी व्लॉगर्स द्वारा ढाका की झुग्गियों को दिल्ली बताने पर भारत सख्त, बांग्लादेश से कार्रवाई की मांग
भारत ने चीनी नागरिकों द्वारा चलाए जा रहे एक सुनियोजित भारत-विरोधी डिजिटल अभियान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें बांग्लादेश की राजधानी ढाका की झुग्गी-झोपड़ियों के दृश्यों को नई दिल्ली का हिस्सा बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा था। विदेश मंत्रालय ने इस पूरी घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए संबधित विदेशी अधिकारियों से इन तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

भारत-विरोधी दुष्प्रचार पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस मामले पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी देश की गलत और विकृत तस्वीर पेश करने के ऐसे प्रयास बेहद निंदनीय हैं। झूठे नैरेटिव गढ़ने और गलत जानकारियां फैलाने से केवल उन लोगों की अपनी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं जो इस प्रकार की हरकतों में सीधे तौर पर शामिल हैं या पर्दे के पीछे रहकर इन्हें बढ़ावा दे रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर हो रही है व्लॉगर्स की गतिविधियां
मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय खबरों के मुताबिक, यह पूरा सिलसिला बांग्लादेश के ढाका स्थित उत्तरा सेक्टर-12 और उसके आसपास के टेकपारा इलाकों में देखने को मिल रहा है। अनुमान जताया गया है कि डेढ़ सौ से अधिक चीनी नागरिक इन इलाकों में सक्रिय रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे हैं। इन वीडियो के जरिए स्वच्छता, रहन-सहन और खान-पान जैसे विभिन्न विषयों पर भारत के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
स्थानीय निवासियों की मुश्किलें और वीचैट पर प्रमोशन
रिपोर्टों के अनुसार, ये विदेशी व्लॉगर्स दो मोबाइल फोन लेकर गलियों में घूमते हैं और घंटों लाइव स्ट्रीमिंग करते हैं। कई बार स्थानीय लोगों के घरों में बिना अनुमति के घुसकर फुटेज लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे वहां के निवासियों में काफी नाराजगी है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गतिविधियां वीचैट और डॉयिन जैसे प्लेटफॉर्म पर उत्पाद के प्रचार तथा कमाई से जुड़ी हुई हैं।


