कोरोना की वजह से तिवारी अस्पताल में आपरेशन बंद

हल्द्वानी। उत्तराखंड में एक बार फिर कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। ऐसे में हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इन परिस्थितियों में अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुमाऊं के सबसे बड़े हॉस्पिटल सुशीला तिवारी अस्पताल में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण आज (12 अप्रैल) से ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के प्राचार्य चंद्र प्रकाश भैसोड़ा ने बताया कि हॉस्पिटल में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस समय सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में 78 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। इनमें 15 की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा रोजाना 10 से 15 संक्रमित मरीज आ रहे हैं। इसे देखते हुए सभी विभागों में होने वाले ऑपरेशन को बंद करने के निर्णय लिए गए हैं।उन्होंने बताया कि बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए 157 बेड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। इसके अलावा आज से सर्जरी विभाग, न्यूरो सर्जरी, ईएनटी और आर्थोपेडिक सहित अन्य विभागों की सर्जरी अगले आदेश तक बंद कर दी गई हैं। केवल इमरजेंसी मामलों में ही सर्जरी सेवा की जाएगी।उन्होंने बताया कि कोरोना के बढ़ते मरीजों के कारण हॉस्पिटल की व्यवस्था न बिगड़े उसी को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है। मरीजों की संख्या कम होने पर सर्जरी फिर से शुरू कर दी जाएगी। कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए हॉस्पिटल में सभी आवश्यक तैयारी कर ली हैं।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।