संविधान गौरव दिवस पर अमित शाह का बयान, कहा- संविधान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान गौरव दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान का सम्मान करना हमारा प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को देश की एक नई यात्रा शुरू हुई थी, जो 1857 से 1947 तक चले लंबे स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत बलिदानों के बाद संभव हो सकी।

संविधान की मूल प्रति और उसके चित्र
गृह मंत्री ने उन लोगों से अपील की जो अपने हाथों में संविधान लेकर चलते हैं कि वे इसके मूल भाव को समझें। उन्होंने कहा कि यदि आपके पास जीवन के 10 से 15 मिनट हैं, तो संविधान की मूल प्रति को अवश्य देखें। इसकी मूल प्रति के विभिन्न अध्यायों की शुरुआत भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्रों से होती है। नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए इन चित्रों से संविधान की मूल भावना को आसानी से समझा जा सकता है।
सत्ता परिवर्तन और संविधान का महत्व
अमित शाह ने कहा कि देश का संविधान ही नागरिकों को सरकार या सत्ता चुनने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि संविधान से ही सत्ता मिलती है और संविधान से ही सत्ता जाती है। देश में कई बार सत्ता में बदलाव हुए हैं लेकिन कभी हिंसा नहीं हुई, और यह सब हमारे संविधान की ही ताकत के कारण संभव हो पाया है।
संविधान गौरव दिवस की शुरुआत
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक मार्गदर्शिका के रूप में देखने का प्रयास किया गया। इसके मूल्यों और भावना को देश के युवाओं और नागरिकों के बीच मजबूती से स्थापित करने की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए पीछे छोड़ दिया गया था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद, 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया ताकि इसके सर्वोच्च मूल्य स्कूलों, कॉलेजों और हर नागरिक तक पहुंच सकें।


