निरंजनपुर सब्जी मंडी को किया जायेगा यहाँ स्थानांतरित

मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने निरंजनपुर मंडी स्थित मंडी परिषद् की भूमि को चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करने और निरंजपुर मंडी को शिमला बाईपास रोड पर स्थानांतरित करने के लिए एमडीडीए के उपाध्यक्ष, जिलाधिकारी देहरादून, प्रधानाचार्य दून मेडिकल कालेज और निदेशक मंडी की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को मुख्य सचिव ओम प्रकाश की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में राजकीय दून मेडिकल कालेज के चिकित्सालय एवं सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय के लिए बहुउद्देशीय भवन निर्माण एवं भविष्य में कालेज के विस्तारीकरण के मद्देनजर निरंजपुर सब्जी मंडी की लगभग 17.96 एकड़ भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्‍य सचिव ने समिति गठन के साथ ही शिमला बाईपास रोड पर मंडी के लिए जमीन तलाश करने तथा उसके अधिग्रहण के संबंध में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए बजट का आकलन करने के लिए भी निर्देशित किया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निरंजनपुर मंडी किस तरह स्थानांतरित होगी तथा सर्किल रेट आदि क्या रहेगा, इन सभी पहलुओं का गहनता से अध्यनन करते हुए कार्यवाही की जाए। बैठक में सचिव हरबंस सिंह चुग, प्रभारी सचिव चिकित्सा पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव वित्त अमिता जोशी सहित मंडी समिति, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।