मेरठ में चार युवकों के गैंगरेप करने के बाद 10वीं की छात्रा की मौत

मेरठ में चार युवकों के गैंगरेप करने के बाद 10वीं की छात्रा की मौत

मेरठ के सरधना के कपसाड़ गांव में 10वीं की छात्रा के साथ गांव के ही कुछ लड़कों पर गैंगरेप का आरोप लगा है. परिजनों का आरोप है कि गैंगरेप के बाद छात्रा को जहर दिया गया.  जिससे उसकी मौत हो गई,  पुलिस का कहना है कि लड़की के घर से सुसाइड नोट मिला है और इस मामले की जांच की जा रही है.

दरअसल आरोप है कि मेरठ के सरधना के कपसाड़ गांव में ट्यूशन जा रही कक्षा 10वीं की छात्रा को गांव के ही चार युवक अगवा कर एक मकान में ले गए. जहां चारों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. छात्रा के परिजनों का कहना है कि बदहवास हालत में युवती घर पहुंची और उसने पूरी घटना बताई और यह भी बताया कि सामूहिक बलात्कार के बाद उसे जहर खिला दिया गया है.

परिजन लड़की को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. छात्रा के भाई ने थाने में तहरीर दी है, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस का कहना है कि लड़की के घर से सुसाइड नोट मिला है, आत्महत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार है.

पीड़िता के पिता का कहना है कि उनकी लड़की साढे़ तीन बजे के बाद ट्यूशन पढ़ने गई. रास्ते से ही तीन चार लड़कों ने उसे पकड़ लिया. मेरी लड़की के साथ रेप किया और घर पर ही जहर दे दिया. लड़की के सारे कपड़े फटे हुए थे वो घबराकर घर आई फिर उसने अपनी मां को आपबीती बताई और एक लड़के का नाम भी बताया. उसने बताया कि उसके साथ हाथापाई की गई और जबरदस्ती की गई और जहर दे दिया.

इस मामले में मेरठ के एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि थाना सरधना की एक लड़की के साथ दुष्कर्म की तहरीर प्राप्त हुई थी तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया , घटनास्थल का मुआइना कर लिया गया है , लड़की के घर में सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें मुख्य रूप से लखन नामक व्यक्ति और उसके साथियों का जिक्र भी है. सुसाइड नोट के आधार पर लखन और विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है.  मुख्य अभियुक्त लखन उसी जगह ट्यूशन पढ़ता था जहां पर मृतका ट्यूशन पढ़ती थी. इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।