दून में सेवा के नाम पर अवैध वसूली करने वाले सक्रिय

देहरादून,28 मई। कोरोनाकाल में जरूरतमंदों की सेवा के नाम पर भी फर्जीवाड़ा करने से कुछ लोग बाज नही आ रहे है। कुछ जालसाज किस्त के लोग कोरोना से प्रभावित व्यक्तियों की मदद के बहाने घर-घर जाकर रुपये और राशन एकत्र कर रहे हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के नाम पर वसूली का ऐसा ही एक मामला सामने आया है। इसके बाद गुरुद्वारा कमेटी ने शहरवासियों को सतर्क करते हुए घर आकर गुरुद्वारा के नाम पर सामान या धन मांगने वालों को उनकी मांग पूरी करने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की है। इसके अलावा गुरुद्वारा कमेटी की तरफ से भी ऐसे व्यक्तियों की सूचना देने के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 9897545422 व 9837157753 जारी किए गए हैं।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबक्श सिंह राजन ने बताया कि गुरुद्वारा की तरफ से कोरोनाकाल में आक्सीजन वितरण, राशन वितरण और लंगर की सेवा की जा रही है। कुछ असामाजिक तत्वों ने इसका दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। राजन के अनुसार, सरस्वती विहार (अजबपुर खुर्द) निवासी रजनी शर्मा ने गुरुवार को फोन पर जानकारी दी कि सुबह दो लोग उनके घर पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा का नाम लेकर कोरोना से प्रभावित व्यक्तियों की सहायता के लिए सहयोग देने को कहा। इसपर रजनी ने कुछ रुपये देने चाहे, मगर युवकों ने आटा, चावल व अन्य राशन देने पर भी जोर दिया। रजनी ने पूछताछ शुरू की तो दोनों युवक बिना उत्तर दिए चले गए।
गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव गुलजार सिंह ने शहरवासियों से ऐसे व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की है। उनका कहना है कि गुरुद्वारा की तरफ से ऐसा कोई अभियान नहीं चलाया गया है। विषम परिस्थितियों का फायदा उठाकर गुरुद्वारा के नाम से वसूली करना निंदनीय है। कहा कि शहरवासी पुलिस के साथ गुरुद्वारा को भी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर ऐसे व्यक्तियों की सूचना दे सकते हैं। ऐसे व्यक्तियों की तलाश कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।