ओलंपिक विजेता सुशील पहलवान की तलाश में पुलिस की छापेमारी

ओलंपिक विजेता सुशील पहलवान की तलाश में पुलिस की छापेमारी

नई दिल्ली : छत्रसाल स्टेडियम में हुई लड़ाई के बाद एक पहलवान की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ओलंपिक पदक विजेता सुशील पहलवान की तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस टीम बुधवार को सुशील की तलाश में उनके घर पर भी पहुंची लेकिन वह नहीं मिले. पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में सुशील पहलवान एवं उनके साथियों द्वारा इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है. इसलिए सुशील पहलवान से पूरे मामले को लेकर पूछताछ आवश्यक है. फिलहाल पुलिस ने हत्या के मामले में प्रिंस दलाल को गिरफ्तार किया है. मौके से एक डबल बैरल गन भी जब्त हुई है.

जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की देर रात मॉडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में पहलवानो के दो गुटों में झगड़ा हुआ था. दोनों गुटों के बीच हुई इस झड़प में सागर, सोनू महाल और अमित कुमार घायल हुए थे. अस्पताल में उपचार के दौरान सागर ने दम तोड़ दिया. वहीं अन्य दोनों घायलों का उपचार चल रहा है.

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मॉडल टाउन में सुशील पहलवान का एक फ्लैट है जो उन्होंने सागर को रहने के लिए दिया था. हाल ही में उसने सागर को यह फ्लैट खाली करने के लिए कहा था. इसे लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते मंगलवार रात सागर की पीट पीटकर हत्या कर दी गई.

सुशील पहलवान की भूमिका संदिग्ध

पुलिस के अनुसार इस मामले में पीड़ित पक्ष का कहना है कि सुशील पहलवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिटाई की. इस दौरान वहां पर गोली भी चलाई गई. इस वजह से पुलिस सुशील पहलवान की भूमिका को लेकर छानबीन कर रही है. पुलिस फिलहाल सुशील की तलाश कर उनसे पूछताछ करना चाहती है ताकि सच्चाई सामने आ सके.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर सुशील के संलिप्त होने के साक्ष्य मिले तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

जूनियर नेशनल चैंपियन रहा है सागर

इस वारदात में मारा गया 23 वर्षीय सागर मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला था. उसके पिता दिल्ली पुलिस में हवलदार है. वह कुश्ती में जूनियर नेशनल चैंपियन रह चुका है. वह दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में प्रैक्टिस करता था. वह सीनियर नेशनल कैम्प का हिस्सा था. घायल हुआ उसका साथी सोनू महाल कुख्यात बदमाश काला जठेड़ी का साथी है. वह हत्या एवं लूट के मामले में पहले गिरफ्तार हो चुका है.

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।