चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी में पुलिस जवान कोरोना पॉजिटिव.. अब सावधान हो जाइए
कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन को लेकर पूरी दुनिया के देशों में चिंता की लहर है। प्रदेश में भी इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कोरोना के केस कम होते ही लोग लापरवाह हो गए हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। ओमीक्रोन वेरिएंट के खतरे के बीच देहरादून से एक चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है। यहां 7 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। शनिवार को वीआईपी ड्यूटी से पूर्व परमार्थ निकेतन आश्रम में चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी और पौड़ी के 250 पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच कराई गई थी। रविवार सुबह इनमें से सात पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मिले। जो पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए, उन्हें ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन आश्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर वीआईपी ड्यूटी पर तैनात किया जाना था।


