चारधाम यात्रियों की तय सीमा बढ़ाने के संकेत: सीएम धामी ने कहा- तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ेगी तो किया जाएगा विचार

शासन की ओर से तय की गई तीर्थयात्रियों की  सीमा का पहले दिन से ही चौतरफा विरोध हो रहा था। हालांकि अब मुख्यमंत्री के बयान के बाद थोड़ी भ्रम की भी स्थिति बनी है क्योंकि उन्हीं के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को शासनादेश के हिसाब से यात्रियों की सीमित संख्या का हवाला देते नजर आए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रियों की हाल में शासन की ओर से तय की गई 38 हजार की सीमा को बढ़ाने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐसी कोई संख्या निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की संख्या अधिक बढ़ेगी तो इस पर विचार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि शासन की ओर से तय की गई सीमा का पहले दिन से ही चौतरफा विरोध हो रहा था। हालांकि मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद थोड़ी भ्रम की भी स्थिति बनी है क्योंकि उन्हीं के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को शासनादेश के हिसाब से यात्रियों की सीमित संख्या का हवाला देते नजर आए थे।

चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले शासन ने आदेश जारी कर चारों धामों में प्रतिदिन दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या तय कर दी थी। यमुनोत्री धाम में 4 हजार, गंगोत्री में 7 हजार, केदारनाथ में 12 हजार तथा बदरीनाथ में 15 हजार की संख्या तय की गई थी। शासन के इस आदेश का पंडे-तीर्थ पुजारियों के अलावा रोटेशन से जुड़े टैक्सी-बस से जुड़े कारोबारियों, होटल, होम स्टे मालिकों व व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया था।

मुख पड़ाव हर्षिल, धराली में विरोध किए गए थे प्रदर्शन

जिला मुख्यालय उत्तरकाशी सहित यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव हर्षिल, धराली में विरोध प्रदर्शन किए गए थे। साथ ही होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी ने डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर आदेश वापस लेने की मांग की थी। मंगलवार को गंगोत्री धाम पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी से पत्रकारों ने शासन के आदेश पर प्रतिक्रिया मांगी। इस पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐसी कोई संख्या निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि उन्होंने धामों में तीर्थयात्रियों की अधिक संख्या होने पर इस पर विचार करने की बात कही।

मुख्यमंत्री के बयान किया स्वागत

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने तीर्थयात्रियों की संख्या तय नहीं करने संबंधी सीएम के बयान का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा से जुड़े कारोबारियों को यात्रा सीजन से बड़ी उम्मीदें हैं। ऐसे में धामों में प्रतिदिन दर्शन के लिए यात्रियों की संख्या तय करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ती भी है तो चारों धामों में संख्या बराबर रहनी चाहिए।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।