हर्षिल में राज्यस्तरीय सेब महोत्सव का कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन, हर्षिल को फलपट्टी बनाने की घोषणा

पुरोला ब्लॉक के गुन्दियाटगांव और मोरी के सांकरी में उद्यान सचल दल केंद्र खोला जाएगा : गणेश जोशी

उत्तरकाशी। हर्षिल में राज्य स्तरीय सेब महोत्सव का उद्घाटन करते हुए राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि हर्षिल क्षेत्र में उत्कृष्ट किस्म के सेब के उत्पादन के बढ़ते हुए प्रकार की ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर राज्य सरकार विशेष महत्व दे रही है। वे कृषि मंत्री ने हर्षिल क्षेत्र को फलपट्टी बनाने की घोषणा की है और इस क्षेत्र में हार्टी-टूरिज्म को विकसित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का ऐलान किया है।
वाईब्रेंट विलेज हर्षिल के उद्यान विभाग के परिसर में आयोजित दो दिवसीय सेब महोत्सव का उद्घाटन लोक संस्कृति के विविध रंगों से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढाने और खेती-बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए अभूतपूर्व काम किए हैं। जिसके नतीजे अब सामने आ रहे हैं। बागवानी मिशन के जरिए उद्यानीकरण को बढावा दिया जा रहा है। मिलेट मिशन के जरिए पारंपरिंक मोटा अनाज को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से देश-दुनिया में नई पहचान मिली और अब कोदा-झंगोरा जैसी फसले भी किसानों की आर्थिकी को संवार रही हैं। इन प्रयासों के चलते राज्य में वर्ष 2025 तक किसानों की आय में दोगुना वृद्धि होना तय है।
जोशी ने कहा हर्षिल का सेब गुणवत्ता के मामले में बेहतरीन है। इस क्षेत्र में बागवानी विकास की दिशा में काफी महत्वपूर्ण काम हुए हैं। राज्य सरकार ने इस क्षेत्र के बागवानों को प्रोत्साहित करने तथा बागवानी से जुड़ी सुविधाएं व तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए काफी काम किया है। इस प्रयासों को अब और बड़े पैमाने पर संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही ब्रांडिंग और विणपन के मोर्चे पर भी अधिक ध्यान केन्द्रित किया गया है। हर्षिल क्षेत्र के आठ गांवों में बागों की जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए घेरबाड़ करने हेतु दो करोड़ चालीस लाख रूपये की योजनाएं स्वीकृत की गई है। इस क्षेत्र के लिए अलग से सेब की खास पेटियां उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उद्यानों में रसायनों के छिड़काव के लिए उच्च क्षमता के ड्रोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और बागवानी में नई तकनीकों का समावेशन तथा उच्च क्षमता व गुणवत्ता के उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि हर्षिल क्षेत्र के सेब की मांग काफी अधिक है लिहाजा हमें व्यावसायिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए बागवानी के विकास की बेहतरीन संभावनाओं को साकार करने के लिए जुटना होगा। उन्होंने हर्षिल क्षेत्र में उच्च क्वालिटी के रसायनों व अन्य सुविधाओं को उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए इस इलाके को फलपट्टी बनाने की घोषणा की। जोशी ने कहा कि स्थानीय किसानों की आर्थिकी सुधारने के लिए बागवानी को पर्यटन से जोड़ने के लिए भी कारगर योजना चलाई जाएगी। उन्होंने बागवानी के विकास के लिए जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की योजनाएं संचालित किए जाने का भरोसा दिलाते हुए मोरी ब्लॉक के सांकरी और पुरोला के  गुन्दियाटगांव में उद्यान सचल दल केंद्र खोले जाने की घोषणा भी की।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी विनीता रावत, अपर निदेशक उद्यान डा आरके सिंह तथा किसानों के प्रतिनिधि मोहन सिंह राणा ने विचार रखे।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, ब्लॉक प्रमुख डंुडा शैलेन्द्र कोहली, ब्लॉक प्रमुख मोरी बचन सिंह पंवार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत, उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक रतन कुमार एवं बृजेश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह, उपजिलाधिकारी भटवाड़ी चतर सिंह चौहान, पीडी डीआरडीए रमेश चन्द्र, मुख्य उद्यान अधिकारी डा. डीकेतिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी, सेना की स्थानीय यूनिट के कै. एनजी रमेश, सेब विशेषज्ञ बृजेश गुप्ता, हिमांचल प्रदेश से बागवानी विशेषज्ञ सुरेश पाजटा सहित बड़ी संख्या में जिले व बाहरी क्षेत्रों से किसान व देश-विदेश के पर्यटकों ने भाग लिया।
सेबों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र 
 हर्षिल में आयोजित सेब महोत्सव में विभिन्न किस्मों के सेबों की प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रदर्शनी में  गोल्डन ,रॉयल,रेड डेलिशियस, फैनी, रॉयमर, जोनाथन, बकिंघम, रेड ब्लाक, जिंजर गोल्ड, पिंक लेडी, ग्रेमी स्मिथ, रेड गोल्डन, ग्रीन स्वीट, रेड फ्यूजी, क्रेब एप्पल  आदि प्रजाति के सेब प्रदर्शित हुए।
कृषि मंत्री ने प्रदर्शनी के विजेता सेब बागवानों पुरस्कृत किया
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदर्शनी के विजेता सेब बागवानों किरन सिंह, जयपाल सिंह, रघुवीर सिंह रावत, आजाद डिमरी, जगमोहन राणा, संगीता थपलियाल, सचेन्द्र सिंह पंवार, विजय पाल सिंह,उदय सिंह,रेणुका बधानी आदि कास्तकारों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।
देश विदेश के पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया
हर्षिल में आयोजित सेब महोत्सव का देश विदेश के पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया। महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर महिला मंगल दल झाला, जसपुर और बगोरी की महिलाओं की पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति ने देश-विदेश से आए पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। महिलाओं के रासों-तांदी नृत्यों की पांत में जुड़कर विदेशी महिला पर्यटक सामूहिक लोक नृत्यों के अनूठे रंगों से सराबोर हो उठी।
इस आयोजन की साक्षी बनी ब्रिटेन की पर्यटक ईमा लोक संस्कृति के अद्भुत रंगों से अभिभूत नजर आई। ईमा हर्षिल के सेब के लाजवाब स्वाद की इस कदर मुरीद दिखीं कि उन्होंने इसे दुनिया का बेहतरीन सेब करार दिया। ब्रिटेन की ही एक अन्य पर्यटक शॉर्ले फ्लोरेंस ने सेबों की प्रदर्शनी और लोक जीवन तथा प्राकृतिक सौंदर्य को शानदार और अविस्मरणीय बताया। वहीं राजस्थान ने आई पर्ल, जाह्नवी आदि महिला पर्यटक भी महोत्सव में जमकर थिरकीं और सेबों की लज्जत का आनंद उठाया। बंगलुरू से आए एन. सुरेन्द्रन जैसे कई पर्यटकों ने भी इस महोत्सव को बेहतर पहल बताते हुए कहा कि अगली बार इस अनूठे आयोजन में वह अपने और साथियों के साथ भाग लेना चाहेंगे।

Share this content:

देश/दुनिया की खबरें