उत्तराखंड में दुर्गम वाले शिक्षकों के तबादलों पर रोक, आदेश जारी

प्रदेश में गढ़वाल मंडल के तहत किए गए सहायक अध्यापक एलटी के तबादलाें पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है। इस संबंध में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल डॉ. एसबी जोशी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी

आदेश में कहा गया कि 13 सितंबर को दुर्गम श्रेणी के विद्यालयों की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए केवल दुर्गम श्रेणी के विद्यालय में स्थानांतरित शिक्षकों को स्कूल से कार्यमुक्त करने की अवधि में एक सप्ताह की वृद्धि की गई थी, लेकिन अभी यह मामला शासन स्तर पर विचाराधीन है। इसलिए अगले आदेशों तक केवल दुर्गम श्रेणी के तबादले वाले शिक्षकों को तब तक कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा, जब तक कि शासन या निदेशालय स्तर पर शिक्षकों की ओर से भेजे गए प्रत्यावेदनों का निपटारा नहीं हो जाता। इस संबंध में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल डॉ. एसबी जोशी की ओर से मंडल के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं।

विसंगतियां दूर करने की थी मांग

बता दें कि स्थानांतरण एक्ट के तहत किए गए सहायक अध्यापक एलटी के तबादलाें के बाद शिक्षकों की ओर से तमाम विसंगतियां गिनाते हुए इन्हें दूर करने की मांग की गई थी। इस संबंध में कई शिक्षकों की ओर निदेशालय और शासन स्तर पर प्रत्यावेदन प्रस्तुत किए गए थे। ऐसे में नए आदेश के बाद तबादला हुए शिक्षकों को फिलहाल राहत मिल गई है।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।