1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
देश/विदेश
लाइफ स्टाइल
हेल्थ एंड फिटनेस
CM Dhami Urges Citizens to Embrace Yoga as a Way of Life, Dehradun Update, International Yoga Day 21 June, New Yoga Policy, uttarakhand latest news, Yoga & Wellness, Yoga Session Held at CM's Residence
MP Team
0 Comments
UTTARAKHAND: मुख्यमंत्री आवास परिसर में हुआ योगाभ्यास, धामी ने योग को जीवनशैली में अपनाने का किया आह्वान
देहरादून: मुख्यमंत्री आवास परिसर में गुरुवार को योगाभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की और सामूहिक रूप से योग किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह आत्मचिंतन, आंतरिक शांति और आत्मबोध की एक समग्र प्रक्रिया है, जो मन को स्थिर कर चेतना के गहन स्तर तक पहुँचने का माध्यम बनती है।
भारतीय संस्कृति की महत्ता को रेखांकित करते हुए धामी ने कहा कि भारत ने सदैव मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि स्थान दिया है। हमारी सनातन संस्कृति का मूल स्तंभ योग रहा है, और यही कारण है कि आज योग विश्वभर में करोड़ों लोगों की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। योग ने भारतीय जीवनशैली को वैश्विक मंच पर गौरव दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतरराष्ट्रीय मान्यता देने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे 177 देशों का अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है। राज्य सरकार योग को जन-जन तक पहुँचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ग्राम स्तर तक योग का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और इससे रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने नई योग नीति लागू की है, जिसके माध्यम से योग से जुड़े प्रशिक्षण, रोजगार और निवेश को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
Share this content:
