‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित एफटीआई परिसर में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में अपना योगदान अवश्य दें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान इस वर्ष भी पूरे देश में उत्साहपूर्वक चलाया जा रहा है। उत्तराखंड में इस अभियान का विधिवत शुभारंभ हरेला पर्व के अवसर पर किया गया। पहले ही दिन राज्य में रिकॉर्ड 8,13,000 लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज की। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रकृति संरक्षण हमारा संकल्प है” और देवभूमि उत्तराखंड में यह अभियान पूरे सावन माह तक जारी रहेगा।

मनसा देवी हादसे पर संवेदना, व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार प्रवेश नियंत्रण, स्थल विस्तार, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मनसा देवी मंदिर सहित सभी बड़े धार्मिक स्थलों पर यह व्यवस्थाएं सख्ती से लागू की जाएंगी।

शहरी अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

शहरी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अवैध कब्जों की शीघ्र पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि विकास कार्यों की गति और नागरिक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता के लिए भी महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, दायित्वधारी दिनेश आर्य, दीपक मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, मजहर नईम नवाब, हुकुम सिंह कुंवर, मुख्यमंत्री के आयुक्त/सचिव दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एफटीआई की निदेशक तेजस्विनी अरविंद पाटिल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।

Previous post

धामी सरकार की सख्ती: अपंजीकृत और मानकहीन नशा मुक्ति केंद्रों पर एक्शन मोड में प्रशासन

Next post

मुख्य सचिव ने ली प्रदेश के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक, महत्त्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में होगा क्राउड मैनेजमेंट के विशेषज्ञों द्वारा सर्वेक्षण,मंडलायुक्त होंगे नोडल अधिकारी: मुख्य सचिव