सीएम धामी ने नवनियुक्त अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर दिया जोर
अब तक 26,000 से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी — मुख्यमंत्री बोले, पारदर्शिता हमारी पहचान

सरकारी सेवा को जनसेवा का माध्यम बनाएं: धामी

देहरादून — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में राजस्व परिषद के नव-चयनित सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली से ठीक पहले नियुक्ति पत्र प्राप्त होना नवनियुक्त कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए विशेष प्रसन्नता का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि राज्य के विकास में योगदान देने का अवसर भी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा 26,500 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और मेरिट के आधार पर एक अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व हरिद्वार में हुई परीक्षा से संबंधित एक मामला सामने आया था, जिस पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और एसआईटी जांच गठित की। छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने स्वयं उनसे मुलाकात की और उनकी मांगों के अनुरूप परीक्षा को निरस्त करते हुए सीबीआई जांच की संस्तुति की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बीते वर्षों के दौरान सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही उन्होंने रिक्त पदों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरने का अभियान शुरू किया, जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी पूर्ण पारदर्शिता और तेजी के साथ जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि सरकारी सेवा को जनसेवा का माध्यम मानकर कार्य करें। अपने कार्यों में निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में सरलीकरण और गति आवश्यक है ताकि जनता को शीघ्र और सरल सेवाएं प्राप्त हों।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, सचिव एस.एन. पांडे, अपर सचिव रंजना राजगुरु, राजस्व परिषद के अधिकारीगण एवं नवनियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this content:
