1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
देश/विदेश
Ashwini Vaishnaw, Dehradun Tanakpur Express, Dehradun Update, Garhwal Kumaon Connectivity, Indian Railways, Pushkar Singh Dhami, Rail Connectivity, Railway News, Tanakpur Train, Uttarakhand Development, uttarakhand latest news
MP Team
0 Comments
देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस अब सप्ताह में तीन दिन दौड़ेगी
उत्तराखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड को मिली बड़ी रेल सौगात
देहरादून/टनकपुर। उत्तराखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है — रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) की सेवा आवृत्ति को साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक (सप्ताह में तीन दिन) करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेल मंत्रालय ने इसके लिए आदेश जारी करते हुए रेलवे बोर्ड को इसे शीघ्र प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों का परिणाम
यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों का नतीजा है। 8 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस महत्वपूर्ण सेवा को सप्ताह में तीन दिन संचालित करने की मंजूरी दे दी है।
नई समय सारिणी
-
15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस अब बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी (पहले केवल रविवार को चलती थी)।
-
15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस अब मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी (पहले केवल शनिवार को चलती थी)।
यात्रियों और प्रदेशवासियों के लिए बड़ी सुविधा
सेवा आवृत्ति में यह वृद्धि यात्रियों की बढ़ती मांग और कुमाऊँ–गढ़वाल क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क की आवश्यकता को ध्यान में रखकर की गई है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“देहरादून–टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच आवाजाही और अधिक सुगम होगी। यह निर्णय यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।”
राज्य में तेजी से बढ़ रहा रेल नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में रेल परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है, जिससे आने वाले समय में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल संपर्क सुनिश्चित होगा।
रेल मंत्रालय के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस निर्णय को शीघ्र लागू किया जाए और इसके बारे में यात्रियों को व्यापक रूप से अवगत कराया जाए।
Share this content:
