राज्य स्थापना दिवस को लेकर सीएम धामी ने दी सख्त हिदायत — जनता की भागीदारी हो सुनिश्चित

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए और इस मौके पर जन सामान्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

IMG-20251003-WA0016-300x167 राज्य स्थापना दिवस को लेकर सीएम धामी ने दी सख्त हिदायत — जनता की भागीदारी हो सुनिश्चित

 

सीएम ने नन्दा राज जात यात्रा मार्गों के रखरखाव और रात्रि पड़ाव स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए विस्तृत योजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाल में आई आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे अधिकारियों और संस्थानों के प्रयासों की सराहना भी की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने और प्रदेश में पूर्ण हो रही फ्लैगशिप योजनाओं का पूरा ब्यौरा तैयार करने के भी निर्देश दिए।

 

धामी ने कहा कि प्रदेश में निर्माण एवं नव निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

 

सीएम ने अधिकारियों को आदेश दिए कि जिन क्षेत्रों से बार-बार सड़क शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने ‘गड्ढा मुक्त सड़क अभियान’ की साप्ताहिक समीक्षा करने और 31 अक्टूबर तक पैच वर्क पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से सड़कों की वास्तविक स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।