उत्तराखंड में करवाचौथ पर महिलाओं के लिए अवकाश घोषित

महिला कर्मचारियों को छुट्टी की सौगात

देर रात शासन ने जारी किया आदेश

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने करवाचौथ के अवसर पर प्रदेश की सभी शासकीय कार्यालयों, अर्द्धशासकीय संस्थानों और शिक्षण संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। राज्य सरकार की ओर से यह आदेश गुरुवार देर रात जारी किया गया। आदेश जारी होने के बाद महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

शुक्रवार, 10 अक्टूबर को करवाचौथ का पर्व मनाया जा रहा है। दिनभर महिलाएं इस संशय में रहीं कि शासन की ओर से अवकाश घोषित किया जाएगा या नहीं। देर रात शासन की ओर से आदेश जारी होने के बाद अब स्पष्ट हो गया कि प्रदेशभर में सभी महिला कर्मियों को करवाचौथ के अवसर पर अवकाश दिया जाएगा।

इस बीच, करवाचौथ को लेकर प्रदेशभर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। देहरादून सहित अन्य शहरों में मुख्य बाजार सज-धज कर तैयार हैं। जगह-जगह मेहंदी लगाने वालों की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं पारंपरिक परिधान, श्रृंगार सामग्री और पूजन सामग्री की खरीदारी में व्यस्त हैं। मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर भी खूब चहल-पहल है।

करवाचौथ का पर्व हर वर्ष सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना के लिए मनाती हैं। व्रती महिलाएं दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलती हैं।

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।