1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
Automatic Plastic Bottle Crusher, Dehradun Municipal Corporation, Dehradun Update, Plastic Free Uttarakhand, Plastic Recycling in Dehradun, Pushkar Singh Dhami, Single Use Plastic Ban, Sustainable Uttarakhand, Urban Cleanliness Initiative
MP Team
0 Comments
Plastic Free Uttarakhand: देहरादून नगर निगम ने शुरू की ऑटोमेटेड बॉटल क्रैशर मशीन
Dehradun launches an automatic plastic bottle crusher to boost the Plastic-Free Uttarakhand campaign.

नगर निगम की ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन से प्लास्टिक-मुक्त उत्तराखंड अभियान को मिलेगी नई गति

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्लास्टिक-मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जमीनी स्तर पर मजबूती देने की दिशा में देहरादून नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन की शुरुआत की है। बृहस्पतिवार को नगर निगम परिसर के बाहर मेयर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामि बंसल द्वारा शहर की पहली ऑटोमेटेड प्लास्टिक बोतल क्रैशर मशीन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
नगर निगम देहरादून द्वारा इस ऑटोमेटेड बॉटल क्रैशर मशीन को शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। इनमें प्रमुख पर्यटक स्थल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, शैक्षणिक संस्थान, पार्क, सरकारी भवन तथा शहर के मुख्य चौक-चौराहे शामिल हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और प्लास्टिक वेस्ट को रिसाइकिल कर उपयोगी वस्तुओं में परिवर्तित करना है। रिसाइकिल प्लास्टिक से टेबल, कुर्सी, फ्लावर पॉट, शोपीस एवं अन्य सजावटी और उपयोगी सामग्री तैयार की जाएगी।
ऑटोमेटेड बॉटल क्रैशर मशीन का संचालन मनसा फैसिलिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कंपनी द्वारा एकत्रित एवं रिसाइकिल किए गए प्लास्टिक से प्राप्त रॉ मैटेरियल को नगर निगम सीधे खरीदेगा। इस रॉ मैटेरियल से निर्मित उपयोगी वस्तुओं का उपयोग नगर निगम द्वारा शहर के सार्वजनिक स्थलों, पार्कों एवं चौक-चौराहों पर किया जाएगा।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि यह मशीन सिंगल-यूज़ प्लास्टिक वेस्ट के वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुछ स्थानों को चिन्हित किया गया है और मशीन के फीडबैक के आधार पर इसे अन्य चिन्हित स्थलों पर भी स्थापित किया जाएगा। यह परियोजना पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर संचालित की जा रही है।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन की शुरुआत से प्लास्टिक-मुक्त उत्तराखंड अभियान को नई दिशा मिलेगी। इस पहल के माध्यम से नगर निगम देहरादून सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर नियंत्रण और प्लास्टिक-मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर उतारने की यह पहल देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और सतत विकास की ओर अग्रसर करने में एक मील का पत्थर साबित होगी।
Share this content:
