UTTARAKHAND: 27 जनवरी को मनाया जाएगा यूसीसी दिवस, मुख्यमंत्री धामी होंगे शामिल

UCC Day 2026 Uttarakhand | One Year of Uniform Civil Code | State-Level Event in Dehradun

यूसीसी दिवस का भव्य आयोजन

देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे सहभागिता

समानता, न्याय और सामाजिक समरसता की दिशा में ऐतिहासिक पहल के एक वर्ष पूर्ण होने पर 27 जनवरी को मनाया जाएगा ‘समान नागरिक संहिता दिवस’

सेवा, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए होंगे राज्य स्तरीय सम्मान, कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की गहन समीक्षा

देहरादून:

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के सफल क्रियान्वयन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 27 जनवरी 2026 को प्रदेशभर में ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), नीबूंवाला, देहरादून में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे।

यूसीसी दिवस के आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण एवं सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, समन्वित एवं उच्चस्तरीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम को अधिक सहभागितापूर्ण एवं ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा को निर्देशित किया कि प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में विधि (कानून) की शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। वहीं शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि यूसीसी दिवस के संदर्भ में विद्यालयों में निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं तथा चयनित विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने की समुचित व्यवस्था की जाए।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में बार काउंसिल एवं स्थानीय बार एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिससे विधिक विमर्श को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

लोक निर्माण विभाग को मंच, सभागार, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन एवं टेंट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं वाहन पार्किंग की सुदृढ़ व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। परियोजना निदेशक को आमंत्रित अतिथियों को समय से निमंत्रण पत्र वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सूक्ष्म जलपान, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाएं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

समान नागरिक संहिता दिवस का यह राज्य स्तरीय आयोजन उत्तराखंड की इस ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी पहल को जन-जन तक पहुंचाने, संविधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा सामाजिक समानता एवं समरसता के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

 

 

Share this content:

Previous post

शहीद हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया को नम आंखों से अंतिम विदाई: सरयू-खीरगंगा संगम पर सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Next post

आपदा से निपटने की तैयारी सुदृढ़: देहरादून में 820 विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण