जन-जन की सरकार अभियान से ग्रामीणों को बड़ी राहत, सीएम धामी ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं
CM Pushkar Singh Dhami Launches Jan Jan Ki Sarkar Campaign | Heli Services from Chinyalisaur & Gauchar

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान से ग्रामीणों को बड़ी राहत
प्रशासनिक व्यवस्था बनी अधिक सुलभ और पारदर्शी: मुख्यमंत्री
चिन्यालीसौड़ व गौचर हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से होगा
चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकासखंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कई मामलों का निस्तारण कार्यक्रम स्थल पर ही किया गया।
600 से अधिक शिविर, लाखों लोग लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित यह अभियान प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है। अब तक राज्यभर में 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक नागरिकों ने भागीदारी की है। लगभग 40 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल लोगों को त्वरित राहत मिली है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनी है।
हैली सेवा विस्तार: चिन्यालीसौड़ और गौचर से संचालन
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हेली सेवाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों से शीघ्र ही हेली सेवा शुरू की जाएगी। दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किए जाने की योजना है।
उन्होंने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा प्रारंभ होने जा रही है और सरकार ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार समन्वयक की भूमिका निभा रही है, जबकि यात्रा की सफलता में स्थानीय हितधारकों — तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों, टैक्सी-मैक्सी संचालकों और स्थानीय नागरिकों — की अहम भूमिका होती है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, जिसमें उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक दो लाख से अधिक “लखपति दीदी” सशक्त की जा चुकी हैं। महिलाओं के उत्पादों की मांग देश और विदेश में बढ़ रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
स्थानीय मांगों पर सकारात्मक आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चिन्यालीसौड़ तथा स्थानीय महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव ने दी अभियान की प्रगति रिपोर्ट
मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। अब तक 5 लाख से अधिक नागरिकों ने शिविरों में भाग लिया है और 40 हजार से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं हो पाता, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्रामीणों की छोटी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।
कार्यक्रम में रही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this content:
